-प्रधानमंत्री के काफिले में बाधा पैदा करना ओछी मानसिकता, बड़ी लापरवाही
-देश से माफी मांगे पंजाब सरकार व कांग्रेस पार्टी

गुरुग्राम। पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री के काफिले में बाधा पैदा करना कांग्रेस के राजनीतिक द्वेष और भय का परिणाम है। इस घटना से समझ आ गया है कि कांग्रेस देश में किस तरह का माहौल बनाना चाह रही है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस को उसके मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी। पार्टी का हर स्तर का कार्यकर्ता मजबूती के साथ जनता के बीच खड़ा है।

नवीन गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व में सबसे बड़े, सबसे लोकप्रिय हैं। उनके साथ अपने ही देश में एक राजनीतिक दल द्वारा इस तरह का व्यवहार बेहद ही निंदनीय है। वहां कांग्रेस ने ही लोगों को बुलाया था। अगर कांग्रेस में शिष्टाचार कहीं बचा है तो मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी इस्तीफा दें। उन्होंने प्रधानमंत्री का नहीं, देश का अपमान किया है।

नवीन गोयल का कहना है कि किसानों के नाम पर पहले से ही कांग्रेस राजनीति करती आ रही है। एक साल का आंदोलन किसानों का नहीं, बल्कि कांग्रेस द्वारा प्रायोजित था। फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों की भावनाओं का ख्याल रखते हुए तीनों कृषि अध्यादेशों को वापस लिया। इसके बावजूद भी विपक्षी दल किसानों के नाम पर राजनीति से पीछे नहीं हट रहे। उन्हें ऐसी ओछी राजनीति की बजाय अपने शासन में किए गए, किए जा रहे कार्यों को जनता के बीच ले जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास परियोजनाओं को लेकर जनता से रूबरू होते हैं। देश में पिछले करीब साढ़े 7 साल में जो विकास हुआ है। रक्षा क्षेत्र में जो मजबूती आई है। सीमाओं पर जो सुरक्षा बढ़ी है। कोरोना महामारी जैसी विपरीत परिस्थितियों में देशवासियों को जो सुविधाएं दी गई हैं, वे पिछले 70 साल में भी नहीं मिल पाई थी। उसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता कांग्रेस जैसे राजनीतिक दलों को हजम नहीं हो रही।

नवीन गोयल ने कहा कि पंजाब, उत्तरप्रदेश में चुनावी माहौल है। भाजपा की दोनों राज्यों में मजबूत हो रही जड़ों से कांग्रेस परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर नेता, हर कार्यकर्ता दोनों राज्यों में मजबूती के साथ खड़ा है। काम कर रहा है। यूपी में जहां योगी सरकार दुबारा से रिकॉर्ड सीटों से बनेगी, वहीं पंजाब की जनता कांग्रेस को बाहर करके भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के मूढ़ में है।

error: Content is protected !!