समाज से बुराईयों को मिटाने का आह्वान किया विधायक ने
गीता महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों व पारितोषिक वितरण के साथ हुआ संपन्न

चरखी दादरी जयवीर फोगाट

 14 दिसंबर – गीता के उपदेशों पर चलते हुए  हम एक समृद्घ और शक्तिशाली राष्ट्र की स्थापना कर सकते हैं। भारत जैसी पावन भूमि पर जन्म लेने वाले लोग धन्य हैं, जिन्हें यहां के ऋषि मुनियों द्वारा रचित पावन ग्रंथों और संत-महात्माओं की शरण में रहकर भगवत सत्ता को पाने की प्रेरणा मिलती है।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर  उपस्थित रहे दादरी के विधायक सोमबीर सांगवान ने आज ये शब्द कहे। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि ने गीता आरती स्थल पर दीप प्रज्जवलित कर भगवान श्रीकृष्ण के इस पावन ग्रंथ को प्रणाम किया। उसके बाद उपायुक्त प्रदीप गोदारा व अन्य अधिकारियों के साथ विधायक सोमबीर सांगवान ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंच पर समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गीता हमें बुराई का रास्ता त्याग कर अच्छाई पर चलना सिखाती है। हमें इस बात पर गर्व है कि हम उस हरियाणा के रहने वाले है, जहां भगवान श्री कृष्ण ने गीता जैसा अप्रतिम ज्ञान मानव जाति को दिया था। गीता का महत्व आज भी हमारे जीवन में ज्यों का त्यों है, जैसा कि उस काल में था। विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि श्रीमदभागवत गीता को पढक़र इस बात की प्रेरणा मिलती है कि मनुष्य को निर्लिप्त भाव से अपने कर्मों का निर्वहन करना चाहिए। हमें समाज से नशा, दहेज प्रथा, जुआ, सामाजिक बैर भाव जैसी बुराईयों को मिटाकर भाईचारा, आपसी मेलजोल और परस्पर सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए। सोमबीर सांगवान ने कहा कि वे दादरी की जनता की सेवा के लिए हमेशा 24 घंटे तैयार हैं। किसी भी दादरी वासी को कोई समस्या हो तो वह आधी रात को भी उनका दरवाजा खटखटा सकता है।

दादरी के उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन की ओर से चौथी बार यह महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसमें धार्मिक संगठनों व सभी विभागों का सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि गीता का  एक-एक श्लोक मानव जीवन को रूपातंरित करने की क्षमता रखता है। इस धर्मग्रंथ का व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से जागृत करने में बड़ा महत्व है। उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव का तीन दिन तक जिलावासियों ने आनंद उठाया है और उम्मीद है कि यह महोत्सव गीता की सार्थकता समझाने के अपने लक्ष्य में सफल रहा होगा।

समारोह में मुख्य अतिथि सोमबीर सांगवान ने गीता महोत्सव में तीन दिन तक मनोहारी प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं विद्यार्थियों पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कार्यक्रम में आए विशिष्ट अतिथि को भी सम्मानित किया। दादरी के उपायुक्त प्रदीप गोदारा, अतिरिक्त उपायुक्त डा. मुनीष नागपाल, नगराधीश अमित मान ने विधायक सोमबीर सांगवान को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।  

सांस्कृतिक संध्या के दौरान राजकीय विद्यालय पिचौपा कलां की छात्राओं का कृष्ण-अर्जुन संवाद, बौंद राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्रा की नृत्य प्रस्तुति, राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय दादरी की टीम का लोकनृत्य, भिवानी से आए कलाकार सुनील कौशिक, पवन कौशिक व उनकी टीम के द्वारा प्रस्तुत किए हरियाणवी लोकनृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर उपायुक्त की धर्मपत्नी वंदना गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी जेपी सभ्रवाल, राजकीय कन्या विद्यालय के प्राचार्य श्रीभगवान शास्त्री, गीता सहारण, बीके प्रेमलता, रामनिवास चरखी, योगेश, जयभगवान प्राध्यापक, अशोक गाबा, रोहतास, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम  उपस्थित रही।

error: Content is protected !!