हांसी ,4 अक्तूबर । मनमोहन शर्मा 

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के उस बयान की कड़े शब्दों में भर्त्सना की है, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल कुछ लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे किसानों के खिलाफ हिंसा के लिए भड़का रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि यदि यह वीडियो अनएडिटेड है तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दें। मनोहर लाल को मुख्यमंत्री के पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।

यहां जारी बयान में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बयान से भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है। पहले प्रदेश की भाजपा जजपा सरकार द्वारा किसान आंदोलन को कुचलने के लिए पुलिस बल का सहारा लिया गया और तमाम हथकंडे अपनाए गए। लेकिन जब सरकार इन सब में विफल रही तो अब कुछ लोगों को हिंसा के लिए भड़काया जा रहा है। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा कुछ लोगों को हिंसा के लिए भड़काने वाला बयान अत्यंत ही निंदनीय और शर्मनाक है। एक मुख्यमंत्री द्वारा ऐसे बयान की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ऐसे बयानों से प्रदेश का तानाबाना बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और प्रदेश को हिंसा की तरफ झोंक रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस बयान से प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। जब प्रदेश का मुख्यमंत्री ही ऐसे बयान देगा तो क्या अपराधियों के हौसले नहीं बुलंद होंगे?

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी और श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर किसानों की लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ रही है। ऐसी साजिशों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

error: Content is protected !!