प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने गुरुग्राम से की शुरुआत
कार्यक्षमता के अनुसार कार्यकर्ता को दायित्व ही पार्टी की मजबूती का आधार : ओमप्रकाश धनखड़

गुरुग्राम – भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में अपने कार्य की समीक्षा करनी शुरू कर दी है। बुधवार को गुरुग्राम में प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने एक के बाद एक 5 बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की शुरुआत की। जिला मंडल पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता से न केवल परिचय किया बल्कि उनसे उनके कार्य के बारे में भी पूछा। कार्यकर्ताओं के काम से गदगद प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता की क्षमता के अनुसार दायित्व दिए जाना ही पार्टी की मजबूती का कारण है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों को टास्क दिया कि हर मंडल में कम से कम दो हजार लोगों की सभा करने की क्षमता होनी चाहिए।

अपने दो दिवसीय गुरुग्राम प्रवास के पहले ही दिन बुधवार को ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं की कुल 5 बैठकें ली, जिनमें से सेक्टर 27 के कम्युनिटी सेंटर में हुई दो बैठकों में ही उन्होंने सीधे संवाद का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है, इसलिए हमारी पार्टी के कार्यकर्ता की कार्यक्षमता लगातार बढ़ती रहे, इसी उद्देश्य के साथ प्रदेश भर में सीधे संवाद के कार्यक्रम रखे गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मंडल में 25 सितंबर तक बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए – 2 बनाएं। ताकि निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव तक हम और भी अधिक मजबूत हो सकें। उन्होंने कहा कि डाक्टर मंगलसेन की जयंती पर 27 अक्टूबर को सरकार के सात साल पूरे होने पर “सात साल सात कमाल” कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रदेश स्तर के इस कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार की जा रही है। जिसमें सरकार के बड़े कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा। इसके अलावा सरदार पटेल की जयंती पर 75 स्थानों पर 75 हजार लोग दौडे़ंगे। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी युवा मोर्चा संभालेगा।

ओम प्रकाश धनखड़ ने सोशल मीडिया में भी कार्यकर्ताओं की दक्षता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ताओं को मजबूत होना होगा। क्योंकि आज यही वह माध्यम है, जिससे हम पार्टी की नीतियों और कार्यों को कम समय में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं। इसलिए हर कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर एक्टिव होकर ज्यादा से ज्यादा इसके संबंध में ज्ञान अर्जित करें। इस मौके पर गुरुग्राम जिले के प्रभारी दीपक मंगला, जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

-जिलों में इनका रहेगा प्रवास-

प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ जिलों में प्रवास के लिए प्रदेश के आला अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। सोनीपत में पूर्व केंद्रीय मंत्री रत्नलाल कटारिया, कैथल में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, नूहं में मंत्री कंवर पाल, पलवल में प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, रेवाड़ी में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हिसार में रामविलास शर्मा, यमुनानगर में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, फरीदाबाद में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, झज्जर में महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, फतेहाबाद में मोहनलाल बडोली, सिरसा में पवन सैनी, पानीपत में सांसद सुनिता दुग्गल, रोहतक में नायाब सैनी, भिवानी में संजय भाटिया, महेंद्रगढ़ में पूर्व सांसद सुधा यादव, जींद में प्रदेश अध्यक्ष महिपाल ढांडा, अंबाला में कविता जैन, दादरी में विधायक कमल गुप्ता, करनाल में विधायक असीम गोयल, कुरुक्षेत्र में पूर्व महामंत्री संदीप जोशी, पंचकुला में निर्मल बैरागी दो दिवसीय प्रवास पर रहकर बैठकें लेंगे।

error: Content is protected !!