पंचकूला 29 अगस्त। सेक्टर 16 अग्रवाल भवन में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा सेक्टर 12ए पंचकूला की ओर से दीक्षार्थी अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह आचार्य श्री महाश्रमण जी की आज्ञानुवर्ती मनीषी संतमुनि श्री विनय कुमार जी आलोक के सानिध्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल रहे। सभा के अध्यक्ष प्रो. देवेंद्र कुमार जैन ने सभी का स्वागत किया। विशेष अतिथि सूर्या प्रकाश सैमसुखा, सुरेंद्र मित्तल, केवल कृष्ण गोयल रहे। मनीषी संतमुनि श्री विनय कुमार जी आलोक ने कहा कि मन व्यक्तित्व की केंद्रीय धुरी है। शुद्ध, निर्मल, पुष्पों जैसे कोमल मन में शुद्ध संवेदनाएं, सात्विक विचार और उत्कृष्ट प्रेरणाएं लहरों की तरह उठती रहती हैं। शुद्ध पवित्र मन का असर मनुष्य के व्यवहार व व्यक्तित्व पर पडता है। प्रसन्न मन अपने निकट के वातावरण में भी प्रसन्नता भर देता है। दूसरी ओर जब मन में ईष्र्या-द्वेष, घृणा, क्रोध-वैमनस्य आदि के भाव उबलते रहते हैं तो वे दूसरे के मन में भी इसी प्रकार तीक्ष्ण कांटों की चुभन जैसी प्रतिक्रिया उत्पन्न करते हैं। मन के ये सब भाव छिपाए नहीं छिपते, बल्कि उनका असली रूप प्रकट होकर ही रहता है। अपने मन को कोई भी व्यक्ति धोखा नहीं दे सकता। मन के साथ छल व झूठ नहीं चल सकता। मन प्रत्येक गतिविधि को जांचता रहता है। इसीलिए मन से बचना संभव नहीं है।

पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि जिम्मेदारी ही व्यक्ति को जिम्मेदार इंसान बनाती है, यह तय बात है लेकिन उसी को, जो अपनी जिम्मेदारी को घर, परिवार, समाज देश से आगे दुनिया तक ले जाता है। कुलभूषण गोयल ने कहा कि सरलता ही जीवन है, कुटिलता मृत्यु यही जीवन का सार है। तुम दूसरो के साथ वैसा ही व्यवहार करो, जैसा तुम दूसरों से अपने लिए चाहते हो, जीवन का एक मात्र उद्देश्य मानवता की पूजा करना है। भगवान महावीर, बुद्ध आदि महापुरूषों ने कहा है कि दूसरो की भलाई करो और भूल जाओ, एक बुरे व्यक्ति को अच्छाई से जीतो, क्रोध को क्षमा से जीतो, हिंसा को अंहिसा, व घृणा का प्यार से जीतो।

कुलभूषण गोयल ने सुरभि जैन साध्वी को बधाई दी। गौरतलब है कि पिता मुनीष जैन, माता अंजलि जैन की सुपुत्री सुरभि जैन साध्वी बनने जा रही है, जिनका आज पंचकूला में दीक्षार्थी अभिनंदन समारोह आयोजित किया था। भीलवाड़ा राजस्थान में 15 सितंबर को उनके साध्वी बनने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। कार्यक्रम में संयोजक राजेश जैन, मनोज जैन, रतनलाल जैन, सुनील खुल्लर, संजीव कुमार, विकास वरमेचा, सतपाल जैन, अनुराग जैन भी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!