चंडीगढ़, 19 अगस्त- हरियाणा सरकार द्वारा ‘गोरखधंधा’ शब्द पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ के प्रदेश महामंत्री जोगी रामवीर भटटी ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
श्री भटटी ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा के जोगीनाथ संप्रदाय के सभी अनुयाइयों में प्रसन्नता की लहर है और समाज के सब लोग मुख्यमंत्री के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं।
श्री भटटी ने कहा कि हरियाणा सरकार के इस निर्णय से हरियाणा एवं आस – पास के सभी प्रदेशों में रहने वाले जोगी / नाथ सम्प्रदाय से संबंधित लोगों की भावनाओं का सम्मान हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों से श्री गुरु गोरखनाथ जी के सम्प्रदाय के लोग उपरोक्त शब्द पर प्रतिबंध लगाने के लिए प्रयासरत थे लेकिन केवल हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने ही इस सम्प्रदाय के लोगों की भावानाओं का सम्मान करते हुए यह ऐतिहासिक और महत्त्वपूर्ण निर्णय लिया है।