बुधवार की बारिश ने फिर से शहर को कर दिया जल से लबालब

शहरवासी हैं परेशान, नगर निगम व जीएमडीए के दावों की खुली पोल

गुडग़ांव, 28 जुलाई (अशोक): शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को फिर से हुई मानसून की बारिश ने साईबर सिटी को पानी से लबालब कर दिया। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में कई-कई फुट पानी सडक़ों पर भर गया और कई आवासीय कालोनियों में बारिश का पानी लोगों के घरों में भी घुस गया, जिससे उनका भारी नुकसान भी हुआ।

मानसून की इन बारिशों ने नगर निगम व जीएमडीए के बचाव कार्यों की पूरी तरह से पोल खोलकर रख दी है। उनके दावे धराशाही होते दिखाई दे रहे हैं। शहरवासियों का नगर निगम व जीएमडीए के अधिकारियों के प्रति रोष चरम पर है, लेकिन अधिकारियों पर इसका शायद कोई असर होता दिखाई नहीं दे रहा है।

शहर के सैक्टर 4/7, 3, 5 व 6, 14 की हुडा मार्किट राजेंद्रा पार्क, भीमगढख़ेड़ी, सूर्य विहार, धनवापुर, देवीलाल कालोनी, अंबेडकर नगर, भवानी एंक्लेव, न्यू कालोनी क्षेत्र, मदनपुरी, अर्जुन नगर, गांधी नगर, राज नगर, शिवाजी नगर, शांति नगर, सिविल लाईन व आस-पास के क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्याओं का सामना शहरवासियों को करना पड़ा।कई-कई फुट पानी में वाहन बंद हो गए। लोगों को धक्का लगाते हुए देखा गया।

शहरवासियों का कहना है कि नगर निगम व जीएमडीए प्रशासन लोगों को क्या राहत देगा, इसकी उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए। सबसे ज्यादा राजस्व देने वाले गुडग़ांव का यही हाल है तो प्रदेश के अन्य शहरों का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!