गुरुग्राम के युवा नेता मोहित ग्रोवर के पिता मदनलाल ग्रोवर का निधन

भारत सारथी

गुरुग्राम गुरुग्राम के युवा नेता व प्रसिद्ध समाजसेवी मोहित ग्रोवर के पिता तथा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मदनलाल ग्रोवर का मंगलवार दोपहर को निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें शहर के पारस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि मदनलाल ग्रोवर मृदुभाषी व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी समाज सेवा की भावना का हर कोई कायल था। वह हर जरूरतमंद व्यक्ति की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनकी राजनीति के क्षेत्र में भी अच्छी पकड़ थी। पंजाबी समाज के वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती थी। उन्होंने कांग्रेस में जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई थी। आज उन्हीं के पदचिन्हों पर चलकर उनके पुत्र मोहित ग्रोवर समाजसेवा के कार्य कर रहे हैं।

मोहित ग्रोवर ने पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा और 50 हजार मत हासिल किए थे। मदनलाल ग्रोवर एक महान दानवीर भी थे जिन्होंने शहर के हर धार्मिक व सामाजिक कार्य में खुलकर सहयोग किया और हमेशा समाज सेवा में तत्पर रहे। उनका मानना था कि अगर जरूरतमंद आपके पास कोई अपेक्षा लेकर आता है तो उसको खाली नहीं जाने देना चाहिए। अगर सामर्थ्य है तो खुलकर समाज सेवा में तन मन धन अर्पित करना चाहिए।

उनके देहांत की खबर फैलते ही पूरे गुरुग्राम में उनके चाहने वालों में शोक की लहार दौड़ गई। सभी ने इस दु:ख की घडी में मोहित ग्रोवर व उनके परिवार को सांत्वना के सन्देश भेजे। शहर के सभी गणमान्य लोगों के साथ साथ हर वर्ग, हर जाति के लोगों ने उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी, अंतिम क्रियाकर्म मदनपुरी स्थित रामबा$ग में हुआ।

You May Have Missed

error: Content is protected !!