सरकार के अहंकार को जरुर तोड़ेगा किसान का शांतिपूर्ण संघर्ष – दीपेंद्र हुड्डा

·         मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने किसानों के संघर्ष को किया सलाम
·         भाजपा सरकार किसान के शांतिपूर्ण संघर्ष को कुचलने की नाकाम कोशिश कर रही है. ·         जुबानी नहीं, एमएसपी की कानूनी गारंटी चाहता है किसान

चंडीगढ़, 20 फरवरी। आज मुजफ्फरनगर के बघरा में आयोजित किसान महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने किसानों के संघर्ष को सलाम किया। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बघरा के स्वामी कल्याणदेव डिग्री कॉलेज में आयोजित किसान महापंचायत में हजारों की तादाद में उमड़े किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा आज पूरे देश का किसान एकजुट होकर शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहा है। किसान का शांतिपूर्ण संघर्ष सरकार के अहंकार को जरुर तोड़ेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की धरती को नमन करते हुए अपने संबोधन में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस धरती ने कभी अन्याय नहीं सहा। किसान अपनी धरती को मां की तरह प्यार करता है। उसकी भूमि पर कोई आंच आए इसे वो सहन नहीं करेगा। सरकार किसान की बात सुनने की बजाय उसकी आवाज कुचलने की कोशिश में लगी है। किसानों की मांगे बेहद सीधी हैं। 3 कृषि कानून रद्द हों और एमएसपी की जुबानी नहीं, कानूनी गारंटी दी जाए। क्योंकि, एमएसपी का कानूनी प्रावधान किये बिना किसी आश्वासन का कोई मतलब नहीं है।

सांसद दीपेंद्र ने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र के तहत सिंघु बार्डर, टिकरी बार्डर किसान धरने पर हजारों-लाखों की तादाद में किसान शांतिपूर्ण तरीके से बैठे हैं। 200 से ज्यादा शव अपने-अपने गांवों में जा चुके हैं। लेकिन, किसानों ने अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने कहा कि जब भी किसान पर कोई मुश्किल आयी प्रियंका गांधी ने कंधे से कंधा मिलाकर दिन-रात किसान के संघर्ष में साथ दिया है। देश का किसान उनके साथ और संघर्ष को कभी नहीं भूलेगा। इस दौरान प्रमुख रूप से विधायक जयवीर बाल्मिकी, विधायक इंदुराज नरवाल, सोनीपत मेयर निखिल मदान मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!