चंडीगढ़, 4 फरवरी  2021: शहरी स्थानीय निकाय मंत्री द्वारा नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से 25 अप्रैल व 17 अगस्त 2020 को दो दौर की वार्ताओ में पालिका, परिषद और निगमों के कर्मचारियों की मांगों पर सहमति जताने बाद भी मानी गई मांगों के पत्र जारी ना करने से नाराज नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने गुरूवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित सभी कैबिनेट व राज्य मंत्रियों के आवासों पर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे।

संघ नेताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री तक कर्मचारियों की आवाज पहुंचाने की मांग करते हुए चेतावनी दी यदि मुख्यमंत्री ने 15 दिन के अंदर अंदर कर्मचारियों की मानी गई मांगों का समाधान नहीं करवाया, तो प्रदेश के 42 हजार पालिका, परिषद और निगमों के कर्मचारी 15 दिन के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।