रमेश गोयत

पंचकूला, 18 जनवरी। हरियाणा महिला कांग्रेस प्रदेश भर में जिला स्तर पर किसान परिवारों के बीच जाकर महिला किसान दिवस मना रही है। यह कार्यक्रम देशभर में पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के दिशा निर्देश पर मनाया जा रहा है, ताकि किसानों व उनके परिवारों को या बिल्कुल महसूस ना हो कि वह अकेले हैं। कांग्रेश पार्टी पूरी तरह से उनके संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने पंचकूला जिले के बरवाला ब्लॉक के विभिन्न गांवों में किसान परिवारों के बीच जाकर कहा। वह बरवाला के टोल प्लाजा पर भी गई तथा किसानों से मिली। उन्होंने कहा कि करीब 2 माह से किसान दिल्ली सीमा सहित विभिन्न स्थलों पर धरने पर बैठे हैं। पंचकूला जिले में भी किसान बरवाला व चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर धरना दे रहे हैं, मगर केंद्र की मोदी सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़ने को तैयार नहीं है। जबकि इस दौरान 7 से भी ज्यादा किसानों की इस आंदोलन के दौरान शहादत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों का यह संघर्ष और उनका यह बलिदान बिल्कुल व्यर्थ नहीं जाएगा और आखिर में जीत किसानों की ही होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा क्या है और यह किस तरह से सत्ता हासिल कर रही है, धीरे-धीरे देश के सामने इसकी पोल खुल रही है। उन्होंने कहा इनके ही अपने अर्णब गोस्वामी  की सामने आई  बताई जा रही व्हाट्सएप चैट में इस बात का खुलासा हुआ है कि किस तरह से सत्ता पाने के लिए इस सरकार ने पुलवामा में जवानों की शहादत का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि उनकी इस बताई जा रही चैट ने भाजपा की  यह पोल भी खोल दी कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने ही यह सारा षड्यंत्र किया था। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सच जनता के सामने आना ही चाहिए।

हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि महिला कांग्रेस किसान परिवारों  को अपनी ओर से पूरी तरह से आश्वस्त करती है कि वे उनके साथ पूरी तरह से खड़ी है । तथा किसी भी तरह की मदद के लिए तैयार है। इस अवसर पर उनके साथ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव नदीता हुड्डा, पंचकूला महिला कांग्रेस की महासचिव प्रियंका,बरवाला ब्लॉक अध्यक्ष रितु कसाना, किरण मलिक, नैंसी और यशमती भी उपस्थित थी।