अटल जी ने सुशासन को देश की राजनीति और सामाजिक विमर्श का हिस्सा बनाया : जीएल शर्मा

  — जन्मोत्सव पर अटल जी के साथ मालवीय जी को अर्पित किए श्रद्धासुमन। 

गुरुग्राम। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई और स्वतंत्रता संग्राम के नायक महामना मदन मोहन मालवीय के जन्मोत्सव पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जीएल शर्मा ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उन्होंने कहा कि पूरा देश आज दोनों महान आत्माओं को अपनी श्रद्धांजलि अर्पण कर रहा है। अटल जी ने अपने जीवन में कर्मयोग को अपनाकर समाज को प्रेरणा देने का काम किया है। अटल जी ने ही देश में सुशासन की अवधारणा को जन्म दिया। उन्होंने सुशासन की देश की राजनीति और समाजिक विमर्श का हिस्सा बनाया। उन्होंने गांव – गरीब के विकास को प्रमुखता दी। प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना, चतुर्भुज योजना, सर्वशिक्षा अभियान और अंत्योदय अन्न योजना राष्ट्र के जीवन में सार्थक बदलाव वाली योजनाएं साबित हुई।

उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक कृषि सुधारों के सूत्रधार भी अटल जी ही थे। उन्होंने देश को ऐसी व्यवस्था देने का सपना संजोया जिसका लाभ लोगों की बिचौलिए रहित सीधा मिल सके। अटल जी की प्रेरणा से ही आज केंद्र में यशस्वी प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी उन सपनों को एक एक कर पूरा कर रहे हैं। अटल जी ने कहा था कि जब केंद्र लोगों तक पैसा भेजता है तो वो घिस जाता है और बिचौलियों के हाथ में लग जाता है। ऐसा नहीं होना चाहिए।  मोदी सरकार ने उससे प्रेरणा लेते हुए लोगों को सीधे खाते में योजनाओं का लाभ दिया। गांव गरीब की दिशा और दशा सुधारने के लिए सरकार संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज के संबोधन में किसानों से सीधे संवाद के जरिए यह साबित हो गया कि कृषि कानून किसी भी सूरत में खेती किसानी के लिए नुकसानदायक नहीं है। कुछ लोगों द्वारा इन पर सिर्फ भ्रम फैलाया जा रहा है। सरकार ने खेती किसानी के साथ सुदूर इलाकों के किसानों का जीवन स्तर सुधारने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए, कई लाभकारी योजनाएं बनाई। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन योजना उन्हीं में से एक है। इन योजनाओं के कारण किसान खुशहाल होकर जोखिम फ्री खेती कर रहा है। भाजपा सरकार किसान सम्मान निधि योजना के तहत अभी तक एक लाख दस हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में सीधे पहुंचा चुकी है। आज भी नौ करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई।

इसके अलावा फसल बीमा योजना के तहत देशभर के किसानों को अभी तक 90 हजार करोड़ रुपए फसल बीमा कवर दिया जा चुका है। मामूली प्रीमियम पर किसानों को जोखिम फ्री खेती की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून लागू होने के बाद भी सरकार ने एमएसपी को बढ़ाया है। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के मुताबिक सरकार ने एमएसपी को डेढ़ गुना किया। आज केंद्र की मोदी सरकार के साथ ही प्रदेश की मनोहर लाल सरकार सुशासन के सपने को संकल्प के साथ पूरा कर रही है। दोनों सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त शासन शुरुआत हुई है। यह देश और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई और मालवीय जी को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए कहा कि आज देश मजबूत हाथों में सुरक्षित महसूस कर रहा है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!