पंचकूला, 03 दिसम्बर । नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा ने जोरदार तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा द्वारा नगर निगम चुनाव के लिए बनाए गए प्रभारी हरियाणा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने गुरूवार को पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यालय में बैठक की। जिला अध्यक्ष अजय शर्मा ने पुष्प गुच्छ देकर चुनाव प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु का स्वागत किया। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया,विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, महामंत्री वरेंद्र राणा एवं परमजीत कौर के साथ सभी वार्ड प्रभारी व प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कैप्टन अभिमन्यु ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा आप खुले तरीके, पवित्र मन व अच्छे ढंग से अपने विचार हमारे सामने रखें।संगठन की सामूहिक सोच ही हमारा भाव है हमारी पद्धति है। जो कार्यकर्ता चुनाव में जाने वाले हैं वह भी अपनी राय बिना संकोच के हमारे सामने रखें।ताकि यहां से एक अच्छा फीडबैक तैयार कर कर हम आपकी कही हुई सभी बातें प्रदेश नेतृत्व तक पहुँचा पाए।हमें हर हाल में 20 की 20 सीटों पर  कमल खिलाना है।

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देश के संविधान के अनुसार हरियाणा प्रदेश के चुनाव आयोग ने हरियाणा के तीनों नगर निगमों के चुनाव की घोषणा कर दी है। जिसमें अंबाला सोनीपत और पंचकूला आते हैं। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी ने अपने तीनों नगर निगम चुनावों की तैयारियां कर ली है। पंचकूला में 20 वार्डों और मेयर के चुनाव आने वाली 27 दिसंबर को होने सुनिश्चित हुए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए हमें पूर्ण विश्वास है कि तीनों की तीनों नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी जीतेगी और पंचकूला में 20 की 20 सीटों पर  जीत हांसिल कर एक नया इतिहास बनायेंगे। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा बहुत लंबे समय से पंचकूला में यह कमी महसूस हो रही थी कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है परंतु नगर निगम में सहयोग न मिलने के कारण बहुत सारे विकास कार्य रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब यह अंतिम बाधा भी दूर हो जाएगी और पंचकूला एक बहुत ही विकसित और सुंदर शहर बनकर देश और विदेशों में जाना जाएगा।