बरोदा उप चुनाव भाजपा-जजपा गठबंधन भारी मतों से जीतेगा: दुष्यंत

एमएसपी पर भ्रम पैदा कर किसानों को बरगलाना कांग्रेस का दुष्प्रचार. प्ंचायत की मर्जी बिना कोई गांव नगर निगम में शामिल नही होगा

गुरुग्राम।    हरियाणा के उप मुख्यमंत्री  दुष्यंत  चौटाला    ने बुधवार कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन बरोदा उप चुनाव मजबूती से लड़ते हुए जीतेंगे। उन्होंने कहा कि बरोदा उप चुनाव में हालात सभी को नजर आ रहे हैं कि जिस प्रकार से कांग्रेस को दिन रात भागना पड़ रहा है , उससे स्पष्ट है कि गठबंधन का उम्मीदवार जीत दर्ज करेगा।

दुष्यंत  गुरूग्राम जिला के गांव वजीराबाद में जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुबे सिंह बोहरा की माता श्रीमति कमला देवी के निधन पर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने आए थे। उन्होंने कामना की कि स्वर्गीय श्रीमति कमला देवी की आत्मा को ईश्वर अपने चरणों मे स्थान दें। स्वर्गीय श्रीमति कमला देवी का 92 वर्ष की आयु उपरांत 13 अक्तूबर को निधन हो गया था।

स्वर्गीय कमला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत  चौटाला ने बरोदा उप चुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के उम्मीदवार की जीत का दावा किया और कहा कि इस बार जीत का अंतर जींद उप चुनाव से भी ज्यादा रहेगा । क्योंकि जींद में भाजपा और जजपा ने अपने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे थे। उन्होंने ये भी कहा कि प्रदेश की अनाज मंडियों में किसान की फसल की खरीद की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और उसका पैसा भी किसानों के खाते में डाला जा रहा है। अब सभी किसानों को समझ में आ गया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर भ्रम की स्थिति पैदा करना कांग्रेस पार्टी का दुष्प्रचार था।

एक अन्य सवाल के जवाब में दुष्यंत  चौटाला    ने कहा कि गुरूग्राम में कुछ और गांवों को नगर निगम की सीमा में लाने के लिए अधिसूचना जारी हुई है जिस पर आपत्तियां मांगी गई हैं। उन्होंने कहा कि जो ग्राम पंचायत अपने गांव को नगर निगम क्षेत्र में शामिल नही करवाना चाहती वे इस बारे में ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित करवाकर दें। उसके बाद सरकार कार्यवाही करेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी गांव को जबरदस्ती नगर निगम क्षेत्र में शामिल नही किया जाएगा।

इस अवसर पर जजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार सहरावत, गुरूग्राम जजपा के जिला अध्यक्ष ऋषि राज राणा, युवा जिला अध्यक्ष कृष्ण गाड़ौली, पलवल जजपा के जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सरोत, अनंतराम तंवर , सुरेन्द्र ठाकरान, धर्मबीर डागर , रामनिवास फौजी, शैलजा , मीनू कटारिया सहित जिला के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!