करनाल : राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है, हमें उसमें कोई आपत्ति नहीं है। बस इस दौरान वातावरण खराब ना हो, कानून व्यवस्था खराब ना हो तो हमें इस कार्यक्रम से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर वो झुंड बनाकर पंजाब से लोग लेकर आएंगे तो सही नहीं होगा, अगर वो हरियाणा के लोगों के साथ आते हैं तो हमें कार्यक्रम को लेकर कोई परेशानी नहीं है।

प्रदेश की मंडियों में धान की खरीद शुरू हो चुकी है, ऐसे में आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी करनाल की अनाज मंडी में दौरा किया। धान की ढेरी पर खड़े होकर उन्होंने किसान की धान की खरीद करवाई। दरअसल, सरकार की जो एजेंसी हैं वो सिर्फ समर्थन मूल्य तक धान खरीद कर सकती हैं जो कि 1888 है, लेकिन नए कृषि कानून के हिसाब से किसान किसी को भी कहीं पर भी धान बेच सकता है। मुख्यमंत्री के सामने राइस शैलर ने 1890 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किसान की धान खरीदी।

वहीं पोर्टल मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है इस पर सीएम ने कहा कि किसान और आढ़ती 2 या 3 दिन और सहयोग करें। क्योंकि इस बार पोर्टल पर लोड ज्यादा है, उसमें कई नई चीजें जोड़ी हैं। उम्मीद है कि वो जल्द सुचारू रूप से चल जाएगा।

जब सीएम से ये पूछा गया कि क्या 3 कृषि कानूनों को लेकर जेजेपी पर समर्थन वापस लेने का दबाव बढ़ रहा है तो सीएम बोले 3 कृषि कानूनों को जेजेपी भी समझती है, कांग्रेस के लोग बिना मतलब के मुद्दा बना रहे हैं। कांग्रेस लगातार झूठ में गिरती जा रही है, कांग्रेस चाहती है कभी कुछ बदलना नहीं चाहिए।

error: Content is protected !!