-अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस, महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिवस के मौके पर अनूठी पहल

गुरुग्राम 2 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस, महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिवस के मौके पर नेहरा खाप ट्रस्ट ने फलदार पौधों का रोपण किया। नेहरा खाप की अनेक इकाइयों ने भी इस अवसर पर जगह-जगह पर फलदार पेड़ों का पौधारोपण किया। यह अभियान नेहरा खाप ट्रस्ट के तत्वावधान में चलाया गया। इसे समाज के सभी वर्गों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर नेहरा खाप ट्रस्ट और नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री हरियाणा सरकार जगदीश नेहरा ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस है और वृद्ध जन भी फलदार पेड़ों के समान होते हैं। इसके चलते नेहरा खाप ट्रस्ट ने फैसला लिया कि देश भर में जहाँ कहीं भी नेहरा परिवार हैं वे अपने यहाँ कम से कम एक फलदार पौधा अवश्य लगाएं। इसके चलते देशव्यापी फलदार पौधारोपण अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को हमारे पूर्वज महाराजा झुझार सिंह नेहरा को भी समर्पित किया जा रहा है।

इस अवसर पर नेहरा खाप ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी व वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा ने कहा कि अपने बुजुर्गों, महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को याद करने का इससे बढ़िया कोई और तरीका नहीं था। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढियां इन पेड़ों के फल खाकर अपने बुजुर्गों का स्मरण करेगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर अंजीर, कटहल, बेलगिरी, आड़ू, लीची, अमरूद, चेरी, आलूबुखारा और बबूगोसा समेत अनेक फलों के पौधे लगाए गए हैं।

ट्रस्ट के सचिव कर्नल धर्मवीर नेहरा ने कहा कि यूँ तो हर पेड़ उपयोगी होता है मगर ट्रस्ट ने फैसला लिया है भविष्य में फलदार पेड़ों के पौधारोपण करने पर ही जोर दिया जायेगा। इससे हमें छाया व ऑक्सीजन के साथ-साथ स्वादिष्ट फल भी खाने को मिल सकेंगे। कर्नल नेहरा ने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग या संस्था नेहरा खाप ट्रस्ट के साथ मिलकर लोककल्याण के कार्य कर सकते हैं।
नेहरा खाप ट्रस्ट के सहसचिव बलवीर सिंह नेहरा ने इस अवसर पर अध्यक्ष के फैसले की भूरि भूरि प्रशंसा की और कहा कि यह अभियान भविष्य में और बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा।

ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस पौधारोपण अभियान में नेहरा खाप की सभी प्रादेशिक और जिला इकाइयों ने भी अपने यहाँ फलदार पौधों का रोपण किया। इस अभियान को व्यापक स्तर पर जनसमर्थन मिला। गौरतलब है कि नेहरा समाज द्वारा सामूहिक रूप से सामाजिक दायित्व निभाने के लिए नेहरा खाप ट्रस्ट का गठन हाल ही में किया गया है। नेहरा खाप के सभी क्रियाकलाप नेहरा खाप ट्रस्ट की देखरेख में चलाए जाएंगे। नेहरा खाप ट्रस्ट में कोई भी व्यक्ति वालंटियर के रूप में अपनी सेवाएं दे सकता है। ट्रस्ट के कामकाज का तरीका बेहद पारदर्शी रखा गया है। इसके चलते लोगों का खाप सिस्टम पर विश्वास बढ़ा है। नेहरा खाप ट्रस्ट के अध्यक्ष पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा का कहना है कि नेहरा खाप ने अभी तक कोई भी असंवैधानिक फैसला नहीं दिया है और न ही भविष्य में कोई समाज विरोधी काम किया जायेगा। अगर कहीं से कोई भी ऐसी शिकायत मिले तो उसकी सूचना तुरंत नेहरा खाप ट्रस्ट को दी जाए ताकि उस पर जल्द से जल्द कार्यवाही की जा सके। जगदीश नेहरा ने सभी से आह्वान किया कि वे अपने बड़े-बुजुर्गों का आदर और सम्मान करें तभी अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस की सार्थकता है।

error: Content is protected !!