भारत सारथी
चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनके जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। राज्यपाल ने कहा कि देश के प्रत्येक गरीब व अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने में राष्ट्रपति का समर्पण हर देशवासी को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि श्री रामनाथ कोविंद की दूरदर्शिता व बुद्धिमत्ता से देश में समानता व भाईचारा बढ़ा है। श्री आर्य ने राष्ट्रपति श्री कोविंद के स्वास्थ्य व दीर्घायु होने की कामना की है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी दी बधाई

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद को प्रदेश के लोगों की ओर से उनके 76वें जन्मदिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। आज यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति श्री कोविंद लंबे समय से देश की राजनीति में सक्रिय रहें हैं तथा उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए लोगों की सेवाएं कर एक अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्रपति का पदभार होते हुए भी उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर भारत की प्राचीन ‘गुरु-शिष्य’ परंपरा का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शिक्षाविद के रूप में भी राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने कोरोना महामारी के चलते भी वर्चुअल कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020’ के क्रियान्वयन में भी एक अनूठी पहल की है। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रपति पर देश के हर नागरिक को नाज़ होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ जीवन व दीर्घायु की कामना भी की।

error: Content is protected !!