किसानों पर नही हुआ कोई लाठीचार्ज

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी पिपली में किसानों पर बरसी लाठियों के मामले में कहा कि किसानों पर कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों ने अपनी जान बचाने के लिए सेल्फ डिफेंस किया। सेल्फ डिफेंस में कोई कुछ भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि किसी पर कोई हमला करे तो सेल्फ डिफेंस भी लिया जा सकता है। कानून व्यवस्था संभालने के लिए कुछ किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक व्यक्ति का फोटो आया है, साधी वर्दी में हाथ में डंडा है। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने का काम गलत है। इससे पहले गृहमंत्री अनिल विज ने भी कहा था कि किसानों पर किसी तरह का लाठीचार्ज हुआ ही नही है तो इसकी जांच किस आधार पर की जाए। सरकार के स्पष्ट आदेश थे कि किसानों पर कोई लाठीचार्ज नहीं होगा। किसानों को अभी अध्यादेश समझ नहीं आ रहे और वह विपक्ष के बहकावे में हैं, जब समझ आएंगे, तब यह आंदोलन खुद ही खत्म हो जाएगा।

किसानों की फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य रहेगा निरंतर जारी: अनिल विज

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि किसानों की फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य निरंतर जारी रहेगा। इस मुददे पर विपक्ष, किसानों को भड़काने में कभी भी सफल नहीं होगा। अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस हमेशा विभिन्न मुद्दों पर लोगों को भडकाने की राजनीति करती रही है परंतु वह कभी अपने मनसुबो में सफल नही रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं आगे आकर जनता को बताया कि फसलों पर एमएसपी जारी रहेगा, जिससे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। पहले की भांति देश व प्रदेश में फसलों की सरकारी खरीद होती रहेगी और इतना ही नहीं अब किसान अपनी फसल को मंहगे दामों पर देश के किसी भी क्षेत्र में बेच सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि आज का किसान पढ़ा-लिखा व समझदार है वह कांग्रेस के बहकावे में नही आएगा। कांग्रेस ने हमेशा दूसरों के कंधो पर बंदूक रखकर चलाई है। यह पार्टी हमेशा प्रजातंत्र के लिए अनफिट है। इनके पास न तो कोई तर्क होता है व न ही कोई बात होती है, ये लोग इसी प्रकार के हथकंडे अपनाते हैं।

error: Content is protected !!