जीवन पथ पर आगे बढऩे में मां का है सबसे बड़ा योगदान: उमेश कुमार

चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के खेल विभाग एवं क्रीड़ा भारती के सौजन्य से किया खेल प्रतिभाओं को सम्मानित

भिवानी/शशी कौशिक

 चौधरी बंसी लाल एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त सौजन्य से वीर जीजा माता सम्मान समारोह के तहत खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया गया, जिसमें चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के खिलाडिय़ों द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने पर वार्षिक पुरस्कार वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के क्षेत्रीय संयोजक उमेश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप कुलपति प्रो.आर.के मित्तल ने की। कार्यक्रम का आयोजन कुलसचिव डाक्टर जितेन्द्र भारद्वाज के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।

इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के क्षेत्रीय संयोजक उमेश कुमार ने कहा कि जीवन पथ पर आगे बढऩे के लिए यूं तो माता-पिता एवं गुरु सहित मित्रमंडली व शुभचिंतकों का भी योगदान अहम रहता है। लेकिन मार्गदर्शक की जो भूमिका मां निभाती है, उससे मां का दर्जा गुरु से भी महान माना गया है। यह ठीक है कि भौतिकवाद की चकाचौंध में अब संयुक्त परिवार बिखर रहे हैं, लेकिन मां की ममता कभी कम नहीं होती। ऐसे ढेरों उदाहरण मौजूद हैं, जहा मां के मार्गदर्शन व स्नेह की बदौलत ही संतानों ने कामयाबी की ऊंची उड़ान भरी है। एक सफल खिलाड़ी की कामयाबी के पीछे उसकी मां का हाथ होता है। भिवानी खेलों का हब है। यहां के खिलाडिय़ों ने विश्व पटल पर अपनी प्रतिभा परचम लहराया है। क्रीड़ा भारती का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें उभरने के लिए सही प्रशिक्षण और प्लेटफार्म उपलब्ध करवाकर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है। छत्रपति शिवाजी महाराज की वीर माता जीजाबाई के नाम पर सम्मान समारोह पूरे देश में चलाये जा रहे हैं, जिसके तहत खिलाडिय़ों के साथ उनकी माताओं को सम्मानित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो.आर.के मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा महिला एवं पुरुष वर्ग में दो अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती चैम्पियनशिपों का सफल आयोजन किया है। विश्वविद्यालय खिलाडिय़ों को सही प्रशिक्षण एवं बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को कृत संकल्पित है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की खेल परिषद के अध्यक्ष सुरेश अत्री, प्राचार्य दिनेश गाबा, दर्शन मिड्ढा, जिला क्रीड़ा भारती से जितेंद्र पाराशर, मुकेश वत्स सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!