–    शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा के निर्देशों की पालना में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा दो दिन के लिए चलाया गया मुफ्त मास्क वितरण अभियान
–    मास्क नहीं पहनने वालों के चालान करने की बजाए उन्हें दिए गए मास्क

गुरूग्राम, 11 अगस्त। शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों की पालना में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा दो दिन के लिए विशेष मुफ्त मास्क वितरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मास्क नहीं पहनने वालों के चालान करने की बजाए उन्हें एक मास्क मुफ्त दिया गया।   

नगर निगम गुरूग्राम की सफाई शाखा के अधिकारियों ने अपने-अपने जोन के मार्केट क्षेत्रों का दौरा किया तथा जो भी व्यक्ति बिना मास्क लगाए मिला, उसका चालान करने की बजाए उसे एक मास्क मुफ्त दिया गया। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा स्वच्छता सैनिकों को भी मास्क दिए गए। अभियान के तहत दो दिन में लगभग 3000 मास्क का वितरण किया गया। इनमें जोन-1 क्षेत्र में 800 मास्क, जोन-2 क्षेत्र में 19 मास्क तथा जोन-3 व 4 क्षेत्र में 300 मास्क वितरित किए गए। वरिष्ठ सफाई निरीक्षक विजेन्द्र शर्मा, अंबिका प्रसाद एवं ऋषि मलिक के नेतृत्व में सफाई शाखा द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जोन-2 क्षेत्र में 1500 मास्क स्वच्छता सैनिकों को दिए गए, जबकि 400 मास्क मार्केट एरिया में दौरे के दौरान मास्क नहीं पहनने वालों को भेंट किए गए।   

नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त विनय प्रताप ङ्क्षसह के अनुसार शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा द्वारा ये निर्देश जारी किए गए थे कि 10 व 11 अगस्त को मास्क नहीं पहनने वालों के चालान करने की बजाए उन्हें एक मास्क मुफ्त दिया जाए तथा उन्हें मास्क पहनने बारे जागरूक किया जाए। विभाग द्वारा जारी निर्देशों की पालना में नगर निगम गुरूग्राम द्वारा दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया तथा चारों जोनों में विशेष अभियान के तहत मास्क नहीं पहनने वालों को मास्क भेंटकर उन्हें मास्क पहनने के लिए जागरूक किया गया। यह विशेष अभियान पैनल्टी अर्थात चालान फ्री दिवस के रूप में मनाया गया है।

error: Content is protected !!