– भाजपा ने सत्ता को लाभ का माध्यम नहीं बनाया   

गुरुग्राम। भाजपा के वरिष्ठ नेता जीएल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र सेवा भाजपा का संकल्प है। हर दौर, हर परिस्थिति में भाजपा ने देश और देशवासियों की सेवा को सर्वोपरि माना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णय इसके प्रमाण और गवाह हैं। प्रदेश की मनोहर लाल सरकार ने भी प्रदेश को नई दिशा और दशा प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

जीएल शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में देशवासियों को अनेक महत्वपूर्ण सौगातें दी। दूसरा कार्यकाल शुरू होते ही सरकार ने देश और देशवासियों के हित में कड़े और बड़े फैसले किए। विश्व स्तर पर भी भारत की मजबूत छवि स्थापित की। गांव, गरीब और किसानों का जीवन स्तर सुधारने के फैसले किए। अन्तिम क्षोर पर बैठे व्यक्ति को भी सरकार की योजना का लाभ मिल सके, ऐसी व्यवस्था की। सरकार के साथ साथ भाजपा संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता देश सेवा के संकल्प के साथ जुटा है। देश पर किसी भी प्रकार की आपदा आए, भाजपा के लाखों करोड़ों कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से अपना फ़र्ज़ निभाते हैं।

जीएल शर्मा ने कहा कि भाजपा ने राजनीति में सत्ता को कभी भी अपने लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया। भाजपा ने सत्ता को हमेशा सेवा का ही माध्यम बनाया है। यही कारण है भाजपा अंत्योदय के संकल्प को पूरा करने में सफल हो रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार के साथ भाजपा के एक एक कार्यकर्ता ने देशसेवा के जज्बे को मजबूत किया। सेवा को संकल्प के रूप में पूरा करते हुए लाखों करोड़ों जरुरतमंदों तक हर प्रकार की मदद पहुंचाई। भाजपा इसी जज्बे और संकल्प के साथ देश और देशवासियों को मजबूत करने का काम करती रहेगी।

error: Content is protected !!