पंचकूला में जनता मार्शल से दुरुस्त होगी ट्रैफिक व्यवस्था

विधानसभा अध्यक्ष के साथ पंचकूला पुलिस के आला अधिकारियों ने बनाई योजनास्थान -स्थान पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, चालान की राशि व्यवस्था पर ही होगी खर्च

रमेश गोयत

पंचकूला, 9 जुलाई. ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पंचकूला पुलिस जल्द जनता मार्शलों की मदद लेगी। पूर्व सैनिक जनता मार्शल की भूमिका निभाएंगे और वे पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्यवस्था संभालेंगे। योजना को सिरे चढ़ाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने वीरवार को चंडीगढ़ स्थित विधानसभा सचिवालय में पंचकूला पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम, शहर में सीसीटीवी लगाने, अतिक्रमण हटाने, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध खनन रोकने के लिए भी विस्तृत योजना बनी। इस दौरान लव-जिहाद की घटनाएं रोकने पर भी चर्चा हुई। बैठक में पंचकूला पुलिस के आयुक्त आईपीएस सौरभ सिंह और पुलिस उपायुक्त आईएएस मोहित हांडा उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक रहते हैं, जो स्वेच्छा से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में सहयोग करना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ऐसी योजना बनाने के लिए कहा कि जिसमें कि इन पूर्व सैनिकों के स्किल का लाभ उठाया जा सके। योजना बनी है कि विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे पूर्व सैनिक बतौर जनता मार्शल तय होंगे। पुलिस जब भी किसी क्षेत्र विशेष में चालान काटने होंगे तो इन जनता मार्शलों को साथ रखना होगा।

ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि ऐसा करने से पुलिस का सहयोग भी हो सकेगा और समाज के महत्वपूर्ण घटक पूर्व सैनिक व्यवस्था बनाने में अपना सहयोग भी दे सकेंगे। उन्होंने निर्धारित अवधि पर पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया।

You May Have Missed

error: Content is protected !!