पुनहाना, कृष्ण आर्य

उपमंडल के गांव नई में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जहर देकर मारने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक महिला के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को जहर खिलाकर जान से मार दिया। फिलहाल शिकायत के आधार पर पति सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।       

 शिकायतकर्ता रिसाल पुत्र छुट्टन निवासी रनियाला फिरोजपुर झिरका ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बेटी सलातून की शादी वर्ष 2014 में नई निवासी शहजाद पुत्र मीनू के साथ की थी। शादी के समय उसने अपनी हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था। परंतु ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और हमेशा दहेज में मोटरसाइकिल व नगदी की मांग करते थे। इस बाबत कई बार सलातून से मारपीट भी की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर कई बार सलातून को मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना में भी दी गई। परंतु हर बार बातचीत से मामले को समझाने का प्रयास किया गया। परंतु ससुराल पक्ष के लोग इन सब से संतुष्ट नहीं हुए। पीड़ित पिता रिसाल ने बताया कि बीते रोज उन्हें फोन पर सूचना मिली कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी को जहर खिला दिया है। जिसे पलवल के किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसने दम तोड़ दिया है।                   

 वही जांच अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पति शहजाद पुत्र मीनू, ससुर मीनू, कल्लू, फज्जी, आरिफ पुत्राण  मीनू और अरशिदा, नजमा व शरीफन के खिलाफ भा द स की धारा 498ए, 328, 304 बी, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।