एनआईटी कुरुक्षेत्र में ‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, बच्चों से बुजुर्गों तक ने चलाई साइकिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास पर जोर, युवाओं से साइकिल चलाने को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान

कुरुक्षेत्र, 29 नवंबर (प्रमोद कौशिक)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में रविवार सुबह सात बजे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ साइकिल चलाकर ‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण मनाया। भारतीय खेल प्राधिकरण ने ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत यह आयोजन किया।

एनआईटी कुरुक्षेत्र के निदेशक प्रो. ब्रह्मजीत सिंह की उपस्थिति में वक्ताओं ने राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों की तैयारी का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही खेलने के अवसर मिलने चाहिए। नियमित अभ्यास से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलती है। अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और रोजमर्रा की आवाजाही में साइकिल अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने साइकिल चलाने को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा।

कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. लिली दीवान, खेल प्रभारी प्रो. प्रवीण अग्रवाल, खेल गतिविधियों से जुड़े संकाय सदस्य डॉ. पंकज वर्मा और डॉ. छगन चरण सहित विभिन्न खेलों के प्रभारी शामिल हुए। जिला जनसंपर्क अधिकारी नरेंद्र सिंह और मेरा युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र), कुरुक्षेत्र की उपनिदेशक सुरमयी भी उपस्थित रहीं।

आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण के सोनीपत क्षेत्रीय केंद्र की निदेशक रितु पथिक और कुरुक्षेत्र प्रशिक्षण केंद्र के सहायक निदेशक विजय मनचंदा के मार्गदर्शन में हुआ। कुरुक्षेत्र केंद्र के हॉकी प्रशिक्षक नरेंद्र ठाकुर के साथ साहिल, हेम चंद किचर, अजीब सिंह और विनोद ने आयोजन में सहयोग दिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें