महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन को आगे बढ़ा रही केंद्र सरकार, विद्रोही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रामीण भारत के अध्यक्ष ने मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में से 181 महिलाओं के लिए आरक्षित कर 2029 का चुनाव कराने की मांग की

रेवाड़ी, 29 नवंबर। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिसीमन के प्रस्ताव को महिला आरक्षण का विधेयक बताकर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसद 2023 में ही महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन पारित कर चुकी है। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रस्तावित परिसीमन से लोकसभा सीटों के बंटवारे पर क्या असर पड़ेगा।

विद्रोही ने मांग की कि 2029 के लोकसभा चुनाव में मौजूदा 543 सीटों में से 181 महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं। उनका कहना है कि महिलाओं को एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने पर राजनीतिक दलों में सहमति है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इसी सहमति का सहारा लेकर परिसीमन के पक्ष में समर्थन जुटाना चाहती है।

विद्रोही ने कहा कि पहले भी सरकारों पर सदन में शोर-शराबे के बीच पर्याप्त चर्चा के बिना विधेयक पारित कराने के आरोप लगते रहे हैं। उनके अनुसार, इस बार सवाल विधेयक के उद्देश्य को जनता के सामने सही ढंग से रखने का है। उन्होंने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाया और कहा कि परिसीमन तथा महिला आरक्षण के बीच का अंतर पाठकों और दर्शकों के सामने स्पष्ट होना चाहिए।

विद्रोही ने दावा किया कि मतों में कथित हेरफेर पर सवाल उठने के बाद भाजपा अब 2029 के चुनाव में अपने पक्ष में सीटों का बंटवारा चाहती है। उन्होंने इसे परिसीमन के जरिए ‘सीट चोरी’ का प्रयास बताया और इस सिलसिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें