सेवा दूतों को रोहतक और पानीपत में मार्गदर्शन देंगे राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल
– 30 नवंबर को सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों की संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशालाएं
– राष्ट्रसेवा, एकात्म मानववाद और अंत्योदय की विचारधारा के साथ एक दिसंबर से शुरू होगा सेवा दूत अभियान
– हरियाणा भाजपा के 90 वरिष्ठ कार्यकर्ता भी सेवा दूत बनकर अन्य राज्यों में गए
चंडीगढ़, 29 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि सेवा दूत अभियान के अंतर्गत 30 नवंबर को रोहतक और पानीपत में सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों की संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। रोहतक स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय ‘मंगल कमल’ में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री शिव प्रकाश तथा पानीपत स्थित जिला भाजपा कार्यालय ‘श्याम कमल’ में राष्ट्रीय महामंत्री श्री सुनील बंसल प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रसेवा, एकात्म मानववाद और अंत्योदय की मूल विचारधारा के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक देशभर में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने जा रही है। अभियान के अंतर्गत भाजपा के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ता अपने घर-परिवार और निजी दायित्वों से दूर रहकर 25 दिनों तक पार्टी के तत्वावधान में जनसेवा एवं जनसंपर्क की गतिविधियों में भाग लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा दूत एक प्रचारक की भांति अपने आवंटित विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम सुविधाओं के साथ आवासीय प्रवास करेंगे। पूरे 25 दिन वे अपना निर्धारित कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे और चौबीसों घंटे पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे। हरियाणा भाजपा के भी 90 वरिष्ठ कार्यकर्ता सेवा दूत बनकर अन्य राज्यों में गए हैं। उन्होंने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, समर्पण और वैचारिक प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि सेवा दूतों का प्रमुख दायित्व भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा, रीति-नीति, सिद्धांतों और संगठन के उद्देश्यों से आमजन को परिचित कराना होगा। सेवा दूत गांवों, शहरों, मोहल्लों और बस्तियों में जाकर जनता से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि सेवा दूत केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी जनता के समक्ष रखेंगे। भाजपा एवं सरकार के संबंध में प्रसारित भ्रामक सूचनाओं का प्रमाणित तथ्यों और आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर स्पष्टीकरण भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
अभियान के दौरान नशामुक्ति, स्वच्छता, श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण, लाभार्थी संवाद एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सेवा दूत सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देश की 4,123 विधानसभाओं में यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के प्रदेश संयोजक एडवोकेट वेदपाल तथा प्रदेश सह संयोजक भारत भूषण मिड्ढा एवं प्रतिभा सुमन ने बताया कि दोनों प्रशिक्षण कार्यशालाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यशालाओं में राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सेवा दूतों को अभियान के उद्देश्यों, वैचारिक आधार, आवासीय प्रवास, जनसंपर्क एवं सेवा गतिविधियों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।








