भव्य गलियारों के बीच देवालयों की साधना, शांति और पुरातन वास्तु के लिए कितनी जगह बची है?
भूपेंद्र सारस्वत ‘सारथी’
स्वतंत्र लेखक एवं विश्लेषक

तीर्थ की यात्रा पर निकलते समय कभी अपने मन से भी पूछें कि हम वहाँ किसलिए जा रहे हैं। कोई मनोकामना पूरी हो, कुछ समय आराधना में बीते या बस एक भव्य परिसर देखकर लौट आएँ? उत्तर हर यात्री का अपना होगा। चिंता तब होती है जब देवालय का विकास भी इसी एक कसौटी पर परखा जाने लगे कि वहाँ देखने को क्या है और कितने लोग उसे देखने आए।
व्यावसायीकरण का असर गाँव की पैंठ से लेकर पुराने कुओं, पोखरों और तालाबों तक दिखाई देता है। तीर्थ भी इससे अछूते कैसे रहते? कुछ बदलाव हमारी अपनी दृष्टि में भी आया है। मनोकामना पूरी हुई तो आस्था दृढ़ हो गई और अधूरी रही तो हम ईश्वर को ही अपनी कसौटी पर कसने लगे। जिस यात्रा में हमें अपने आचरण पर विचार करने का अवसर मिलता था, उसमें भी हम अपनी इच्छाओं का हिसाब लेकर पहुँच गए।
आदि शंकराचार्य ने देश की चारों दिशाओं में पीठों की स्थापना कर अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सूत्र में पिरोया था। उस परंपरा को याद कीजिए और आज की स्थिति देखिए। राम और कृष्ण की लीलाओं से जुड़ी धरती पर जन्मस्थानों को लेकर विवाद चले हैं। उधर, महादेव के धामों और संतों के शिविरों की भूमि का उपयोग जब सांसारिक हितों के लिए होने लगता है, तो कौन बैठकर विचार करता है कि उस तपोभूमि की मर्यादा कैसे बचेगी? हर कोई अपने स्वार्थ की धूनी अलग रमाए बैठा है।
तीर्थ के विकास की कसौटी
तीर्थ तक पहुँचना सुगम हो, बुजुर्ग श्रद्धालु विश्राम कर सकें और यात्रियों को आवश्यक सुविधाएँ मिलें, ये विकास के सार्थक उद्देश्य हैं। प्रश्न यह है कि भव्य गलियारे बनाते समय क्या उस श्रद्धालु का भी ध्यान रखा जाता है जो कुछ देर अपने आराध्य के पास मौन बैठना चाहता है? यदि लौटकर उसे परिसर की सजावट तो याद रहे, लेकिन प्रार्थना के लिए दो घड़ी का एकांत भी न मिला हो, तो हमें अपनी प्राथमिकताओं पर विचार करना चाहिए।
हमारी परंपरा में देवालय की दिशा, उसके प्रांगण और गर्भगृह के विन्यास का आध्यात्मिक अर्थ रहा है। श्रद्धालु जिसे वहाँ की दिव्य अनुभूति कहता है, उसमें उस स्थान की बनावट, शांति और पीढ़ियों की उपासना का भी योगदान है। किसी प्राचीन निर्माण में बदलाव करने से पहले उसके इस महत्त्व को समझना चाहिए। निर्माण पर कितना धन लगा और पुरानी वास्तु में फेरबदल क्यों आवश्यक था, इसका स्पष्ट उत्तर भी समाज को मिलना चाहिए।
हमारे यहाँ ‘होनी, करनी, भरनी’ की सीख रही है। अपने कर्मों के परिणाम हमें ही भोगने होते हैं। महादेव की त्रिनेत्र-दृष्टि का स्मरण हमें अपने निर्णयों की ओर भी देखने को कहता है। अगली पीढ़ी को हम कैसा तीर्थ सौंपेंगे? मेरी कामना है कि वहाँ पहुँचकर वह उसकी भव्यता देखे और कुछ देर ठहरकर उस भाव को भी जी सके जिसे गोस्वामी तुलसीदास ने इन शब्दों में व्यक्त किया है—
सीय राममय सब जग जानी।
करउँ प्रनाम जोरि जुग पानी॥








