केसरी क्लब में गूंजे भजन और कविताएं, 15 फरवरी को होगा वार्षिकोत्सव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेक्टर-4 के सामुदायिक केंद्र में जुटे वरिष्ठ नागरिक, नवंबर में जन्मे सदस्यों का जन्मदिन साथ मनाया

गुरुग्राम, 28 नवंबर। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम इकाई के सदस्यों ने शनिवार को सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक केंद्र में भजन, गीत, कविताएं और शायरी सुनाईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्लब के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने बताया कि सर्दी के मौसम और सदस्यों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वार्षिकोत्सव के लिए 15 फरवरी की तिथि तय की गई है।

मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र से कार्यक्रम की शुरुआत की। धर्मसागर ने सदस्यों का स्वागत किया और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। उम्र के साथ बदलते अनुभवों को उन्होंने इन पंक्तियों में पिरोया, ‘मैंने हर रोज जमाने को रंग बदलते देखा है, उम्र के साथ जिंदगी का ढंग बदलते देखा है।’

मास्टर धर्मप्रकाश और ब्रह्मप्रकाश ने मिलकर ‘मदन मोहन मुरली वाले, तू न संभाले तो हमें कौन संभाले’ भजन गाया। जगदीश अरोड़ा ने ‘आ लौट के आजा हनुमान, तुझे तेरे राम बुलाते हैं’ सुनाया। युवा गायिका पूनम रावा ने ‘सुंदर है नाम राम का, सुमिरन तो कीजिए’ और ‘राधिका गौरी से, बृज की छोरी से’ सहित तीन भजन प्रस्तुत किए। महेश नागपाल ने ‘आ लौट के आजा मेरे श्याम’ और मिथलेश कुमारी ने ‘राम नाम की ओढ़ चुनरी’ सुनाया।

मदन डूडेजा ने ‘समय बड़ा बलवान’ और हनुमान प्रसाद ने ‘तुम्हें लगता है मेरे हो तुम’ की प्रस्तुति दी। चंदर प्रकाश चौधरी, एलडी बवेजा और लाजपत राय चांदना ने भी भजन सुनाए। कवातरा ने परिवार में बुजुर्गों के स्थान पर शायरी सुनाई, ‘कपड़ों की चमक और घर की ऊंचाइयों पर मत जाना, जिस घर में बुजुर्ग मुस्कुराते हुए मिलें, समझ जाना वो घर अमीरों का है।’

कार्यक्रम में नवंबर में जन्मे सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर रमेश वशिष्ठ, शशि अरोड़ा, बलदेव सचदेवा, मुकंद प्रसाद, रमेश कालरा और विनोद बजाज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें