जयंती पर क्लब के सदस्यों ने गीत गाकर दी श्रद्धांजलि, डॉ. सुनीता सुनेजा ने सुनाए गायिका के जीवन से जुड़े प्रसंग

हिसार – ‘वक़्त ने किया क्या हसीं सितम’ के दर्दभरे सुरों से शुरू हुई वानप्रस्थ सीनियर सिटीज़न्स क्लब की महफिल में जब ‘जाने कहाँ मेरा जिगर गया जी’ की चुलबुली नोकझोंक गूँजी तो श्रोता गीता दत्त की गायकी के कई रंगों से रूबरू हुए। गायिका की जयंती पर क्लब के सदस्यों ने उनके सदाबहार गीत गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मंच संचालन कर रहीं डॉ. सुनीता सुनेजा ने गीतों के बीच गीता दत्त के जीवन और संगीत यात्रा से जुड़े प्रसंग सुनाए।
डॉ. कमलेश कुकरेजा ने ‘वक़्त ने किया क्या हसीं सितम’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद डॉ. कमल धवन और डॉ. एस. एस. धवन ने युगल गीत ‘जाने कहाँ मेरा जिगर गया जी’ गाया। डॉ. एस. एस. धवन ने ‘बाबूजी धीरे चलना’ और डॉ. एम. एस. मलिक ने ‘बाट चलत नई चुनरी रंग डारी’ प्रस्तुत किया।
डॉ. सुनीता सुनेजा ने ‘हम आपकी आँखों में इस दिल को बसा दें तो’ गाया। योगेश सुनेजा ने ‘ये लो मैं हारी पिया’ और ‘काहे का झगड़ा बालम’ को नटखट अंदाज़ में पेश किया। राज रानी मल्हान ने फिल्म ‘हावड़ा ब्रिज’ में हेलेन पर फिल्माए गए गीत ‘मेरा नाम चिन चिन चू’ पर खूब तालियाँ बटोरीं। रमेश हुड्डा ने ‘ठंडी हवा काली घटा’ सुनाया।
डॉ. आर. डी. शर्मा ने ‘पिया ऐसो जिया में समाय गयो रे’ और ‘न जाओ सैयाँ छुड़ा के बैयाँ’ के ज़रिये प्रेम और विरह के भावों को स्वर दिया। डॉ. इंदु गहलावत ने ‘रिमझिम के तराने लेके आई बरसात’, सुरेंद्र भाटिया ने ‘भगवान दो घड़ी ज़रा इंसान बनके देख’ और आदेश मलिक ने भक्ति गीत ‘सुनी कान्हा तेरी बाँसुरी’ प्रस्तुत किया। अंत में अजीत सिंह के निर्देशन में कलाकारों ने गीता दत्त के कई लोकप्रिय गीत एक माला में पिरोकर सुनाए।
क्लब के महासचिव डॉ. जे. के. डांग ने डॉ. सुनीता सुनेजा और सभी गायकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गीता दत्त की आवाज़ में प्रेम और विरह की गहराई के साथ चंचलता भी थी। दशकों बाद भी लोग उनके गीत गाते हैं, यही कलाकार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।








