राहुल गांधी के उठाए सवालों पर मांगा जवाब, परिसीमन के प्रस्ताव पर खुली चर्चा की मांग
करनाल डिपो में कितने रुपये की दवाएं एक्सपायर हुईं, सरकार बताए – कुमारी सैलजा
चंडीगढ़, 29 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठाए हैं, उन पर चुनाव आयोग को राज्यवार आंकड़ों के साथ जवाब देना चाहिए। सांसद ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए कि हर नागरिक अपने नाम की स्थिति और किसी बदलाव का कारण आसानी से जान सके।
कुमारी सैलजा ने पूछा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल हुई मतदाता सूचियों और बाद में संशोधित सूचियों के बीच कितना अंतर है। कितने नाम हटाए गए, किन आधारों पर हटाए गए और संबंधित मतदाताओं को सूचना व आपत्ति दर्ज कराने का कितना समय मिला? सांसद ने कहा कि बिहार में नाम हटाने, महाराष्ट्र में नए नाम जोड़ने और कर्नाटक में कथित फर्जी मतदान से जुड़े आरोपों पर आयोग बताए कि कितनी शिकायतें मिलीं और उन पर क्या कार्रवाई हुई।
हरियाणा में मतदाता सूची में एक विदेशी मॉडल की तस्वीर इस्तेमाल किए जाने के आरोप पर कुमारी सैलजा ने पूछा कि क्या संबंधित प्रविष्टियों की जांच हुई और क्या उनके आधार पर कोई वोट डाला गया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीटों को लेकर उठाए गए सवालों पर भी सीटवार तथ्य सार्वजनिक करने की मांग की।
कुमारी सैलजा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और असम में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के आधार जनता के सामने रखे जाने चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से परिसीमन संबंधी किसी भी विधायी प्रस्ताव का मसौदा सार्वजनिक करने और उस पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने की मांग की। सांसद ने कहा कि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं समेत हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में समय पर दर्ज हो और शिकायतों का निपटारा मतदान से पहले किया जाए।
करनाल डिपो में कितने रुपये की दवाएं एक्सपायर हुईं, सरकार बताए – कुमारी सैलजा
सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने करनाल के सरकारी मेडिकल स्टोर डिपो में दवाएं एक्सपायर होने पर चिंता जताई। उन्होंने हरियाणा सरकार से डिपो में एक्सपायर हुई दवाओं की मात्रा और कीमत का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। कैग ऑडिट पर प्रकाशित खबर के अनुसार, दवाएं जारी करने के आदेश समय पर नहीं दिए जाने से करनाल समेत देश के पांच सरकारी डिपो में कुल 43.37 करोड़ रुपये की दवाएं एक्सपायर हुईं। इनमें 40.75 करोड़ रुपये की टीबी की दवाएं थीं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि जरूरतमंद मरीज सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में सार्वजनिक धन से खरीदी गई दवाओं का गोदाम में पड़े-पड़े एक्सपायर होना गंभीर चूक है। उन्होंने वितरण में देरी की समयबद्ध जांच, जिम्मेदारी तय करने और अस्पतालों में दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।








