चालान की रकम से गुरुग्राम की सड़कें बनवाए पुलिस, जनता पर उपकार होगा — पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहरी कांग्रेस अध्यक्ष ने 45 दिन में 6,83,495 चालान और 140 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना लगाए जाने का दिया हवाला

गुरुग्राम, 27 नवंबर। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने गुरुग्राम पुलिस से मांग की है कि यातायात चालानों से वसूल होने वाली राशि शहर की टूटी सड़कों पर खर्च की जाए। डावर के अनुसार, पुलिस ने पिछले 45 दिनों में यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के 6,83,495 चालान काटे और 140 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया। उन्होंने कटाक्ष किया कि पुलिस इस रकम से शहर की मुख्य सड़कें ही ठीक करवा दे तो गुरुग्राम की जनता पर उपकार होगा।

डावर ने कहा कि सेक्टरों की सड़कों से लेकर गांवों के रास्तों और शहर के चौक-चौराहों तक गड्ढों से लोग परेशान हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाता है और सूखे दिनों में उन्हीं सड़कों पर धूल उड़ती है। उनके मुताबिक, गड्ढों के कारण राहगीर और वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद सड़कें ठीक न होने से लोगों का सरकार, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), नगर निगम और जिला प्रशासन से भरोसा उठ चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों के लिए हर साल बजट घोषित होता है, निविदाएं निकलती हैं और ठेके भी दिए जाते हैं, लेकिन कई जगह काम कागजों तक सीमित रहता है। डावर ने कहा कि जीएमडीए के पास शहर के विकास की बड़ी योजनाएं हैं, फिर भी लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही के लिए ठीक सड़क तक नहीं मिल रही। जिला प्रशासन की बैठकों और निरीक्षणों के बाद भी शिकायतें बनी हुई हैं।

डावर ने कहा कि कई जगह पुलिसकर्मी खुद गड्ढे भरते हैं, अवरोधक लगाते हैं और यातायात संभालते हैं। उन्होंने पुलिस से इसी तरह सड़कों की मरम्मत के लिए भी पहल करने की अपील की। डावर ने कहा कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए और चालान से मिलने वाली रकम सड़कों पर लगेगी तो उसका सीधा लाभ शहर के लोगों को मिलेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें