नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*दो ब्लॉकों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग*

गुरुग्राम, 27 नवंबर।  बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से शुक्रवार को नेहरू स्टेडियम, गुरुग्राम में 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान’ के तहत जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में दो ब्लॉकों की बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए इस कुरीति की रोकथाम में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध अधिकारी हेमा देवी ने विशेष रूप से भाग लेते हुए बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के संबंध में जागरूक किया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई से सुप्रिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी मुनेश एवं अन्नू, गुरुग्राम ब्लॉक के सरपंच अधिकारी हरिओम सहित शिक्षा विभाग और बीडीओ कार्यालय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं, एमडीडी इंडिया से निशिकांत एवं काउंसलर रुक्मणी शर्मा तथा शक्ति वाहिनी की टीम ने भी जागरूकता गतिविधियों में योगदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अपने-अपने क्षेत्रों में इसकी रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

*गांवों में दीप जलाकर दिया बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश*

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 26 नवंबर को एमडीडी इंडिया की टीम ने रात्रि के समय विभिन्न गांवों का दौरा कर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संदेश दिया और भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें