हास्य कलाकार यश माहेश्वरी के खिलाफ पुलिस आयुक्त के नाम एनआईटी के पुलिस उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
फरीदाबाद, 27 नवंबर 2026। एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने बिहार की महिलाओं और सिंदूर को लेकर कथित अभद्र टिप्पणियों के मामले में जयपुर निवासी हास्य कलाकार यश माहेश्वरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शर्मा ने शुक्रवार को फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त के नाम एनआईटी के पुलिस उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
शर्मा ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि माहेश्वरी ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच से बिहार की महिलाओं और सिंदूर के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से लोगों में रोष है। उनके अनुसार, ऐसी टिप्पणियों से महिलाओं की गरिमा और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को ठेस पहुंचती है तथा क्षेत्रीय वैमनस्य बढ़ता है।
पूर्व विधायक ने माहेश्वरी के साथ ही वीडियो प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया खातों के संचालकों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपते समय पूर्व पार्षद दया शंकर गिरी, डॉ. के. जे. सिंह, मास्टर संजीव कुशवाहा, प्रभु झा, रघुवर दयाल, बब्लू और अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








