सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत शिक्षकों को बाल संरक्षण एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रति किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सुशांत विश्वविद्यालय में डीएलएसए गुरुग्राम ने आयोजित किया एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम*

गुरुग्राम, 27 नवंबर-जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत सुशांत विश्वविद्यालय में सरकारी विद्यालयों के नामित शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पंचकूला के मार्गदर्शन तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष डीएलएसए गुरुग्राम नरेंद्र सुरा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का विषय जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण हर बच्चे का अधिकार रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं डीएलएसए की सचिव निशा ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने तथा शोषण या दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर समय रहते उचित कार्रवाई करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, बाल यौन अपराधों, दंड, बाल अधिकारों, ऑनलाइन सुरक्षा एवं अनिवार्य रिपोर्टिंग के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों के अनुकूल न्यायिक प्रक्रिया, पीड़ित बच्चों को उपलब्ध सहायता एवं मुआवजा, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न विभागों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

चेतना एनजीओ के प्रतिनिधियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों द्वारा किसी अप्रिय घटना का खुलासा किए जाने पर संवेदनशील तरीके से प्रतिक्रिया देने, रेफरल प्रक्रिया एवं केस स्टडी की जानकारी दी। प्रतिभागियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन हेल्पलाइन 112, विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जागरूक किया गया।

प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों की बात गंभीरता से सुनने, उनकी निजता एवं गरिमा का सम्मान करने और किसी भी प्रकार के शोषण या दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया गया। डीएलएसए गुरुग्राम द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें