हीरो होंडा चौक–उमंग भारद्वाज चौक छह-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को राज्य सरकार की मंजूरी, एनएचआई करेगा निर्माण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

455.22 करोड़ की लागत से विकसित होगा 2.24 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर

जीएमडीए द्वारा संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद राज्य सरकार ने दी स्वीकृति

कॉरिडोर बनने से यातायात जाम से मिलेगी राहत, गुरुग्राम की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

गुरुग्राम, 27 नवंबर। गुरुग्राम के महत्वपूर्ण हीरो होंडा चौक–उमंग भारद्वाज चौक एलिवेटेड मार्ग के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राज्य सरकार ने ₹455.22 करोड़ की इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के डिपॉजिट वर्क के रूप में इस कॉरिडोर का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) द्वारा किया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग-352 डब्ल्यू पर प्रस्तावित 2.24 किलोमीटर लंबा यह छह-लेन एलिवेटेड मार्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दुष्मंत कुमार बेहेरा, (आईएएस) ने कार्यभार संभालने के बाद इस परियोजना की समीक्षा की और इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। संबंधित इंजीनियरिंग अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श और परियोजना के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा के बाद जीएमडीए ने संशोधित प्रस्ताव राज्य सरकार को पुनः प्रस्तुत किया। इसमें एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण एनएचआई के माध्यम से डिपॉजिट वर्क के रूप में करवाने की सिफारिश की गई थी। राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इस कॉरिडोर के निर्माण से स्थानीय यातायात और लंबी दूरी के वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग करने में मदद मिलेगी। इससे सड़क की क्षमता बढ़ेगी और यातायात का संचालन अधिक सुचारु हो सकेगा। साथ ही, झज्जर और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे की ओर आवागमन भी अधिक सुविधाजनक होगा।

परियोजना के लिए जीएमडीए द्वारा अब तक भूमि अधिग्रहण और उपयोगिता सेवाओं (यूटिलिटी) को स्थानांतरित करने पर लगभग ₹116.55 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार से इस परियोजना को मंजूरी मिलना इसके क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से गुरुग्राम के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी, प्रमुख मार्गों के बीच संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें