विपुल गोयल से मुख्यमंत्री के पास आया कार्यभार, 20 अक्टूबर 2024 की अधिसूचना में आंशिक संशोधन
चंडीगढ़, 26 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब अपने मौजूदा विभागों के साथ नागरिक उड्डयन विभाग का कार्यभार भी संभालेंगे। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मुख्यमंत्री की सलाह पर उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
अब तक नागरिक उड्डयन विभाग राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के पास था। कार्यभार में इस बदलाव के लिए मंत्रियों के विभागों के आवंटन से संबंधित 20 अक्टूबर 2024 की अधिसूचना में आंशिक संशोधन किया गया है।
हरियाणा में नागरिक उड्डयन विभाग की स्थापना 1 नवंबर 1966 को राज्य के गठन के साथ हुई थी। इसका एक प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को विमान उड़ाने का प्रशिक्षण देना था। राज्य के हिस्से में उस समय हिसार और करनाल के दो उड़ान प्रशिक्षण केंद्र आए थे। विभाग के अनुसार, आज हिसार में लाइसेंस प्राप्त हवाई अड्डा है और भिवानी, करनाल, नारनौल तथा पिंजौर में नागरिक हवाई पट्टियां हैं।







