रैन बसेरों में साफ एवं नए बिस्तरों के साथ शौचालय, गर्म पानी और चाय की होगी व्यवस्था, कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी
बेहतर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया को बनाया नोडल अधिकारी
निगमायुक्त डॉ. पंकज के निर्देश पर जरूरतमंदों को ठंड से बचाने और सुविधाजनक आश्रय उपलब्ध कराने की विशेष पहल
गुरुग्राम, 17 नवंबर। सर्दी के मौसम में बेसहारा, बेघर एवं जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में 6 स्थानों पर रैन बसेरों का संचालन शुरू कर दिया है। इन रैन बसेरों में इस बार साफ एवं नए बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, प्रत्येक रैन बसेरे में कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि यहां आने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इसके अतिरिक्त जरूरतमंदों को रैन बसेरों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।
रैन बसेरों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। निगमायुक्त ने रैन बसेरों में शौचालय, गर्म पानी और चाय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि ठंड के मौसम में आश्रय लेने वाले लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
शहर में 6 स्थानों पर उपलब्ध कराया गया सुरक्षित आश्रय
नगर निगम द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 6 स्थानों पर रैन बसेरे शुरू किए गए हैं। इनमें महावीर चौक, कादीपुर, सेक्टर-4/7 चौक भीमनगर, दरबारीपुर रोड, कन्हई व राजीव चौक शामिल हैं। इन रैन बसेरों के माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले बेघर एवं जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है।
साफ एवं नए बिस्तरों की व्यवस्था, कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी
इस बार रैन बसेरों में बिस्तरों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। सभी रैन बसेरों में साफ एवं नए बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि आने वाले लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में मदद मिल सके।
शौचालय, गर्म पानी और चाय की सुविधा के निर्देश
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शौचालय, गर्म पानी और चाय आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सर्दी के दौरान अधिक सुविधाजनक एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।








