वीरेश शांडिल्य ने भेंट की भगत सिंह की प्रतिमा, अंबाला शहर में नागरिक अभिनंदन की घोषणा
अंबाला। अंबाला छावनी में 1857 के शहीदों की स्मृति में शहीदी स्मारक के निर्माण में योगदान के लिए एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने अनिल विज को भगत सिंह की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने घोषणा की कि संगठन जल्द ही अंबाला शहर में विज का नागरिक अभिनंदन करेगा।
शांडिल्य ने कहा कि यह स्मारक देशवासियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहीदों के विचारों से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने स्मारक के निर्माण और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इसका उद्घाटन करवाने के लिए विज की सराहना की।
शांडिल्य ने दावा किया कि आजादी के बाद विज हरियाणा के पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अंबाला में इस स्वरूप में 1857 के शहीदों की कुर्बानियों का इतिहास संजोने की पहल की। उन्होंने विज को शहीदों के आदर्शों के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि स्मारक आने वाली पीढ़ियों को बताएगा कि देश की आजादी कितने संघर्षों और बलिदानों के बाद मिली।
उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को संजोना और उनके विचारों को आगे बढ़ाना प्रत्येक देशवासी की जिम्मेदारी है। समाज को ऐसी पहलों से जुड़कर युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से परिचित कराना चाहिए।








