गुरुग्राम में जलभराव से निपटने के लिए जलाशयों की बढ़ेगी क्षमता, नए तालाब भी बनेंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-अगले मानसून से पहले पूरे किए जाएंगे तात्कालिक कार्य, वजीराबाद और घाटा के जलाशयों की बढ़ेगी क्षमता ; ताऊ देवीलाल स्टेडियम की पार्किंग के नीचे भी बनेगा भूमिगत जल भंडारण

गुरुग्राम, 17 नवंबर। मानसून के दौरान गुरुग्राम में हर साल होने वाले जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान की दिशा में हरियाणा सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। शहरी विकास के प्रधान सलाहकार श्री डीएस ढेसी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि पहले चरण में बरसाती पानी को जलाशयों और तालाबों में संग्रहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए मौजूदा जलाशयों की क्षमता बढ़ाने के साथ जरूरत के अनुसार नए जलाशय भी बनाए जाएंगे।

श्री ढेसी ने कहा कि जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ऐसी तात्कालिक योजनाओं पर काम शुरू किया जाए, जिन्हें अगले मानसून से पहले पूरा किया जा सके। इसके तहत वजीराबाद और घाटा गांव में स्थित जलाशयों की क्षमता बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। वजीराबाद में करीब 8 एकड़ में बने जलाशय की खुदाई करने के साथ इसके क्षेत्रफल में अतिरिक्त तौर पर 10 से 12 एकड़ तक जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। वहीं, घाटा गांव के जलाशय की खुदाई कर उसकी गहराई बढ़ाई जाएगी, जिससे अधिक बरसाती पानी का संग्रहण हो सकेगा।

धनचिरी कैंप स्थल और ताऊ देवीलाल स्टेडियम में भी बनेंगे जल संग्रहण स्थल

बैठक में एंबिएंस मॉल के नजदीक हरियाणा-दिल्ली सीमा पर पर्यटन विभाग की धनचिरी कैंप वाली जमीन पर तालाब विकसित करने की संभावनाओं का भी पता लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम की दोनों बड़ी पार्किंग और फुटबॉल ग्राउंड के नीचे भूमिगत जल भंडारण की व्यवस्था बनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इन सभी कार्यों को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा करवाया जाएगा।

गुरुग्राम में नगर निगम की 28 नए तालाब विकसित करने की योजना

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम की ओर से बताया गया कि पिछले करीब 10 महीनों में 28 मौजूदा तालाबों को विकसित किया गया है। अगले वर्ष मानसून से पहले 28 अन्य तालाबों को विकसित करने की योजना है। श्री ढेसी ने नगर निगम द्वारा हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में 270 एकड़ जमीन से जुड़े मामले में जीत हासिल करने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जमीन पर भी तालाब या झील विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए।

वहीं, मानेसर नगर निगम ने गांव कासन और नौरंगपुर में तालाब विकसित करने के साथ 21 अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू कर दिया है।

सेक्टर-29 की पार्किंग के नीचे भी तलाशेंगे भूमिगत जल भंडारण की संभावना

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-29 में पार्किंग स्थलों के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाओं का पता लगाएगा। बैठक में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम और मानेसर के बीच निगम की करीब 247 एकड़ जमीन है, जहां गुरुग्राम शहर के स्तर का एक बड़ा पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। इस पर श्री ढेसी ने सहमति जताते हुए पार्क की योजना में जलाशय को भी शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का संचयन किया जा सके।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री डीके बेहेरा ने सुझाव दिया कि मौजूदा जलाशयों की मानसून से पहले खुदाई करवाकर उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जीएमडीए और दोनों नगर निगमों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इन कार्यों को जल्द शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री डीके बेहेरा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहम्मद इमरान रजा, मानेसर नगर निगम आयुक्त श्री प्रदीप सिंह, एचएसवीपी प्रशासक श्रीमती वैशाली सिंह, गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त आयुक्त श्री रविंद्र यादव, मुख्य नगर योजनाकार श्री संजीव मान सहित जीएमडीए, दोनों नगर निगमों, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी तथा नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें