करनाल की संगठनात्मक बैठक में तय की जिम्मेदारियां; 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में होंगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपालें

करनाल, 17 नवंबर। हरियाणा कांग्रेस संविधान दिवस पर 26 नवंबर को पंचकूला में ‘संविधान रक्षा मार्च’ आयोजित करेगी। इससे पहले 22 नवंबर से प्रदेश में ‘वोट रक्षक अभियान’ शुरू किया जाएगा, जिसके तहत मतदाता सूचियों से हटाए गए मतदाताओं से संपर्क कर उनके नाम हटने की स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। मंगलवार को करनाल के जाट भवन में आयोजित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक में इन कार्यक्रमों की तैयारियों, समयसीमा और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संबोधित किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव जितेंद्र बघेल भी उपस्थित रहे। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, जिला महासचिवों संगठन तथा पार्टी के अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रदेश अध्यक्षों ने भाग लिया।
कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में संविधान की रक्षा, प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों को हरियाणा में लागू करने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश में चल रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों के लिए निर्देश दिए गए।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, हर बूथ पर प्रशिक्षित वोट रक्षक की नियुक्ति

पंचकूला में 26 नवंबर को प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च में प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला एवं खंड पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को शामिल करने की तैयारी है। मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर अथवा महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से करने की योजना है। संविधान निर्माताओं को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और उसके मूलभूत मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा।
पार्टी के अनुसार, मार्च के माध्यम से लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया जाएगा। सभी जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों को व्यापक तैयारी और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसके स्थान पर सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियां 26 नवंबर को अपने-अपने राज्यों में संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेंगी।
वोट रक्षक अभियान के तहत प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को अपने क्षेत्र के हर मतदान केंद्र पर कम से कम एक प्रशिक्षित वोट रक्षक नियुक्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान में मतदान केंद्र अभिकर्ताओं, बूथ समितियों के सदस्यों, युवा कार्यकर्ताओं, अग्रिम संगठनों और इच्छुक नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटियां मंडल अध्यक्षों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करेंगी। इसके बाद मंडल अध्यक्ष अपने क्षेत्रों के वोट रक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को 21 नवंबर तक सभी बूथों पर नियुक्ति और प्रशिक्षण पूरा होने की पुष्टि जिला कांग्रेस कमेटी को करनी होगी।
वोट रक्षक 22 से 30 नवंबर तक अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क करेंगे। नाम हटाए जाने की वास्तविक स्थिति और संबंधित तथ्यों का सत्यापन कर जानकारी अभियान की निर्धारित वेबसाइट पर दर्ज की जाएगी। पार्टी ने इसके लिए वेबसाइट www.iamvoterakshak.in तथा सहायता के लिए दूरभाष संख्या 95608 22897 जारी की है।
अभियान की प्रतिदिन निगरानी होगी। मंडल अध्यक्ष अपनी दैनिक रिपोर्ट खंड अध्यक्षों को देंगे। खंड स्तर पर रिपोर्ट का समन्वय करने के बाद जिला कांग्रेस कमेटियां जानकारी संकलित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजेंगी। प्रदेश कमेटी यह रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अभियान नियंत्रण कक्ष को प्रेषित करेगी। जहां प्रगति धीमी होगी या वोट रक्षक सक्रिय नहीं होंगे, वहां आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
बैठक में कहा गया कि अभियान को राजनीतिक विरोध और भाषणों तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक बूथ पर व्यवस्थित सत्यापन किया जाएगा, ताकि किसी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित होने से बचाया जा सके।
चौपालों में प्रभावित मतदाताओं से संवाद, 19 नवंबर तक जिला बैठकों के निर्देश
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल अभियान का अगला चरण 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश के गांवों में आयोजित किया जाएगा। इन चौपालों का आधार वोट रक्षक अभियान के दौरान प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट होंगी। बैठक में विभिन्न जिलों में अभियान को मिले जनसमर्थन, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनता की प्रतिक्रियाओं पर चर्चा करते हुए इसे व्यापक बनाने के निर्देश दिए गए।
चौपालों में विशेष रूप से उन मतदाताओं से संवाद किया जाएगा, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। वरिष्ठ नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और प्रभावित नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा। प्रत्येक जिला कांग्रेस कमेटी मंडलवार कार्यक्रम की समयसारिणी तैयार करेगी और प्रत्येक चौपाल के लिए वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय करेगी। हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी विभिन्न चौपालों में भाग लेंगे।
सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को 19 नवंबर तक संगठनात्मक बैठकें आयोजित कर संविधान रक्षा मार्च और वोट रक्षक अभियान की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अध्यक्षों, महासचिवों संगठन, खंड एवं मंडल अध्यक्षों तथा अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी स्पष्ट की गईं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षकों को जिला बैठकों में शामिल होकर तैयारियों तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की निगरानी करने को कहा गया है। पर्यवेक्षकों का कार्यकाल 15 दिसंबर तक बढ़ाया गया है। उन्हें प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक रिपोर्ट देनी होगी। तीसरे चरण की समीक्षा 18 दिसंबर तक की जाएगी।
जिला एवं खंड कांग्रेस कमेटियों तथा वरिष्ठ नेताओं को सामाजिक संचार माध्यमों पर कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार करने, आयोजन की तस्वीरें और दृश्य सामग्री उसी दिन साझा करने तथा नागरिकों को वोट रक्षक के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल सत्ता के लिए किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए है। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदाता सूची की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
दत्त ने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं के मामलों का सत्यापन करेंगे और जनता के बीच उनके अधिकारों की आवाज उठाएंगे। वोट रक्षक अभियान में संगठन की जिम्मेदारी तय करने के साथ प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संविधान रक्षा मार्च न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का सार्वजनिक संकल्प होगा। गांवों में होने वाली चौपालों के माध्यम से अभियान को सीधे जनता से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत करने और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए काम करेगी। उन्होंने जिला अध्यक्षों, संगठन महासचिवों और अग्रिम संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों से कार्यक्रमों को औपचारिकता न मानकर गंभीरता, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ गांव, मंडल, खंड तथा बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राव नरेंद्र सिंह ने दावा किया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल अभियान को मिल रहा जनसमर्थन लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा के प्रति जनता की जागरूकता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अभियान का विस्तार किया जाएगा, ताकि कोई पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे और प्रत्येक नागरिक की आवाज सुनी जाए।
इस अवसर पर संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह की पहल पर उपस्थित जिला कांग्रेस अध्यक्षों, जिला महासचिवों संगठन तथा अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रदेश अध्यक्षों को सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग—अ जर्नी ऑफ लव’ भेंट की गई। पार्टी ने इसे सोनिया गांधी के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने तथा उनके सार्वजनिक जीवन, संघर्ष, अनुभवों एवं मूल्यों से प्रेरणा लेने की पहल बताया।








