गेट पर धरना जारी, शुक्रवार को उप श्रमायुक्त से मिलेंगे यूनियन पदाधिकारी
गुरुग्राम, 17 नवंबर (अशोक)। रोजका मेव औद्योगिक क्षेत्र स्थित वेलस्पन बीएपीएल से निकाले गए श्रमिकों के विवाद को लेकर सहायक श्रम आयुक्त पवन कुमार के समक्ष बुलाई गई समझौता वार्ता विफल हो गई। प्रबंधन की ओर से कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। श्रमिकों की बहाली की मांग को लेकर संस्थान के गेट पर धरना जारी है।
यूनियन प्रधान सोनू शर्मा ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन श्रमिकों के मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से प्रबंधन की मनमानी बढ़ रही है। उन्होंने पूर्व में हुए समझौतों का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया।
सोनू शर्मा के अनुसार, श्रमिकों का सामूहिक मांगपत्र सहायक श्रम आयुक्त, नूंह के पास लंबित है। इसके बावजूद श्रमिकों को नौकरी से निकाला गया। यूनियन ने इस कार्रवाई को गैरकानूनी और अनुचित श्रम व्यवहार बताते हुए श्रमिकों की बहाली की मांग की।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे। आगामी रणनीति के तहत शुक्रवार को उप श्रमायुक्त से मुलाकात कर विवाद के शीघ्र समाधान और श्रमिकों की बहाली की मांग रखी जाएगी।
बैठक में एटक के राज्य महासचिव अनिल पवार, राज्य सचिव मनोज कुमार, शोवा यूनियन के अशोक कुमार मुंजाल और वेलस्पन यूनियन के महासचिव रिंकू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों और बहाली के लिए आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।









