स्वतंत्र व निर्भीक प्रेस लोकतंत्र की असली ताकत : अमित नेहरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनसीआर मीडिया क्लब ने मनाया राष्ट्रीय प्रेस दिवस; पत्रकारों की सुरक्षा, रोजगार की चुनौतियों और सामाजिक सरोकारों पर हुई चर्चा

गुरुग्राम, 16 नवंबर। एनसीआर मीडिया क्लब ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित ऑनलाइन बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, रोजगार की अनिश्चितता और स्वतंत्र पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर चर्चा की। क्लब के अध्यक्ष अमित नेहरा ने कहा कि स्वतंत्र व निर्भीक प्रेस लोकतंत्र की असली ताकत है। प्रेस का मजबूत होना सभी देशवासियों के हित में जरूरी है।

नेहरा ने कहा कि पत्रकारिता जोखिमपूर्ण व्यवसायों में शामिल है। पत्रकारों को जान के खतरे के साथ बिना कारण नौकरी जाने की आशंका का भी सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के प्रति सजग रहते हुए पत्रकारिता को एक मिशन के रूप में अपनाना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार धर्मपाल धनखड़ ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रथम प्रेस आयोग की सिफारिश पर प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा और पत्रकारिता में उच्च आदर्श स्थापित करने के उद्देश्य से भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना की गई थी। परिषद ने 16 नवंबर, 1966 को विधिवत कार्य शुरू किया। इसी उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है।

क्लब की उपाध्यक्ष सरोज अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य के प्रति नए सिरे से समर्पित होने का अवसर है। सचिव संजय मेहरा ने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर काम करना चाहिए और हर परिस्थिति में सच का साथ देना चाहिए। इसी से पत्रकारिता की विश्वसनीयता और पत्रकारों का सम्मान कायम रह सकता है।

कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अल्पना सुहासिनी ने पत्रकारिता की कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आग का दरिया पार करने जैसा चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसमें स्वयं को सुरक्षित रखते हुए जिम्मेदारी निभाना आसान नहीं है।

वक्ताओं ने पत्रकारों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रमुखता से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित के सवालों को आवाज देने में ही प्रेस दिवस की सार्थकता है। सदस्यों ने पत्रकारिता, पत्रकारों के हितों और सामाजिक मुद्दों पर क्लब के प्रयासों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।

बैठक में जल्द ही एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई, जिसमें क्षेत्र के सभी पत्रकारों की सहभागिता हो। क्लब ने समाज से अपील की कि पत्रकारों को स्वतंत्र और निर्भीक होकर अपना दायित्व निभाने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें