हरियाणा कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक कल करनाल में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियों और ‘वोट रक्षक’ कार्यक्रम के शुभारंभ पर होगी चर्चा; चौपाल अभियान की भी समीक्षा

चंडीगढ़, 16 नवंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक मंगलवार, 17 नवंबर को करनाल स्थित जाट भवन में होगी। बैठक में 26 नवंबर को संविधान दिवस पर आयोजित होने वाले ‘संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियों, ‘वोट रक्षक’ कार्यक्रम के शुभारंभ और प्रदेशभर में चल रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल अभियान की समीक्षा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बैठक में सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला महासचिवों (संगठन) तथा पार्टी के अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के प्रदेश अध्यक्षों को बुलाया गया है।

बैठक से पहले सोमवार को संजय दत्त ने राव नरेंद्र सिंह और कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नेताओं ने चौपाल अभियान के क्रियान्वयन और उसे मिल रहे जनसमर्थन पर संतोष व्यक्त किया। पार्टी का कहना है कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा तथा कथित चुनावी अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ जनमत तैयार करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

इसके बाद संजय दत्त ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा और महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी विचार-विमर्श किया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों के आयोजन, आपसी समन्वय और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर सुझाव लिए गए।

पार्टी के अनुसार, करनाल की बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिला इकाइयों, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा चौपाल अभियान को आगे बढ़ाने की रणनीति तय की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें