भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा के महासचिव ने किया जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम का औचक निरीक्षण, अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ की बैठक
शैक्षणिक संस्थानों में प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण का दायरा बढ़ाने के निर्देश, क्षय रोगियों को वितरित की प्रोटीन डाइट किट

गुरुग्राम, 16 नवंबर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने के लिए युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ना जरूरी है। युवा ही रेडक्रॉस की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। यह बात भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा राज्य शाखा के महासचिव डॉ. सुनील कुमार ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम का औचक निरीक्षण करने के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक में कही।
डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी के सभी कर्मचारी अपने-अपने स्तर पर युवाओं को आजीवन सदस्य बनाकर संगठन से जोड़ें, ताकि समाज के लोगों को रेडक्रॉस की गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सिविल डिफेंस में आपदा मित्र बनाए जाते हैं, उसी तर्ज पर रेडक्रॉस में भी स्वयंसेवकों को आपदा मित्र के रूप में तैयार किया जाना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर इनकी सेवाएं ली जा सकें।

इस अवसर पर महासचिव ने क्षय रोगियों को प्रोटीन डाइट किट वितरित की तथा उन्हें पौष्टिक आहार के साथ-साथ समय पर दवाइयां लेने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि क्षय रोग से बचाव एवं उपचार में नियमित दवाइयों और उचित पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक के दौरान डॉ. सुनील कुमार ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की तथा उनके संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, मेहनत और लगन के साथ करने के निर्देश दिए।
महासचिव ने जिला प्रशिक्षण अधिकारी जितिन शर्मा को निर्देश दिए कि जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों, महाविद्यालयों एवं स्कूलों में प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण अधिक से अधिक करवाया जाए, ताकि जरूरत के समय लोग प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने में सक्षम हो सकें।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने महासचिव डॉ. सुनील कुमार को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला रेडक्रॉस सोसायटी की सभी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में जिला प्रशिक्षण अधिकारी जितिन शर्मा, लेखाकार कुनाल मंगला, आकांक्षा, नीलम, प्रवक्ता रोहतास, विक्रम, अमितपाल, तरुण, संगीता, अतुल, रूपल, सुषमा, मन्जू, रोहितास, कर्ण, सरोज, कमला, दीपक, जयभगवान एवं अजय सहित अन्य उपस्थित रहे।








