संयुक्त आयुक्त अपने-अपने जोन में सप्ताह में कम से कम तीन फील्ड विजिट करें, निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्शन ऐप का उपयोग अनिवार्य
सभी गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स (जीवीपी) प्रतिदिन सुबह 9 बजे तक हों साफ, सीसीटीवी निगरानी में रखे जाएंगे जीवीपी, स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण नियमों की अवहेलना पर हर माह 2000 चालान करने का लक्ष्य
सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए स्वीपिंग मशीनों, एंटी-स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर पर जीपीएस ट्रैकिंग व सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

गुरुग्राम, 16 नवंबर। शहर को स्वच्छ, सुंदर, धूल मुक्त और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण गतिविधियों की निगरानी और अधिक प्रभावी करने की तैयारी की है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 15 जनवरी तक नगर निगम क्षेत्र की सभी मुख्य सड़कों को डस्ट फ्री, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट फ्री तथा कचरा मुक्त बनाया जाए। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, नियमित फील्ड निरीक्षण करने और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
ये निर्देश निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए केवल कार्यालय स्तर पर समीक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना होगा।
सप्ताह में तीन फील्ड विजिट अनिवार्य, इंस्पेक्शन ऐप से होगी निगरानी
निगमायुक्त ने सभी संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जोन में सप्ताह में कम से कम तीन फील्ड विजिट अनिवार्य रूप से करें। इन निरीक्षणों के दौरान इंस्पेक्शन ऐप का उपयोग भी अनिवार्य रहेगा, ताकि मौके पर किए गए निरीक्षण और संबंधित कार्यों की स्थिति का व्यवस्थित रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी सफाई व्यवस्था, धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करें तथा कमियां मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
15 जनवरी तक सभी मुख्य सड़कों को धूल और कचरा मुक्त बनाने का लक्ष्य
निगमायुक्त ने शहर की मुख्य सड़कों को प्राथमिकता पर लेते हुए निर्देश दिए कि 15 जनवरी तक सभी प्रमुख सड़कें धूल, सीएंडडी वेस्ट और कचरे से मुक्त होनी चाहिएं। इसके लिए सड़क किनारे जमा धूल, निर्माण एवं विध्वंस सामग्री तथा अन्य अपशिष्ट को हटाने की नियमित व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई और धूल नियंत्रण गतिविधियों की नियमित समीक्षा करें तथा सभी संबंधित एजेंसियों और फील्ड टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें।
सभी जीवीपी प्रतिदिन सुबह 9 बजे तक हों साफ
शहर में गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स (जीवीपी) की संख्या कम करने और वहां दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के लिए निगमायुक्त ने विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जीवीपी पर समर्पित सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए और सभी जीवीपी को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी जीवीपी प्रतिदिन सुबह 9 बजे तक साफ होने चाहिएं। जीवीपी खत्म करने के बाद यदि कोई व्यक्ति वहां दोबारा कचरा डालता है, तो सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उसकी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
हर महीने 2000 चालान करने का लक्ष्य
निगमायुक्त ने स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि खुले में कचरा डालने, गंदगी फैलाने और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान किए जाएं। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में प्रतिमाह 2000 चालान करने का लक्ष्य निर्धारित किया, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों में जवाबदेही सुनिश्चित हो और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़े।
स्वीपिंग मशीनों और एंटी-स्मॉग गन की होगी प्रभावी निगरानी
सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण में उपयोग होने वाले संसाधनों के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए निगमायुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीनों, एंटी-स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमानुसार इन मशीनों और वाहनों पर सीसीटीवी कैमरे तथा जीपीएस ट्रैकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके संचालन और निर्धारित कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके। इसके अतिरिक्त शहर में सेंसर आधारित डस्टबिन लगाने की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
1500 बल्क वेस्ट जनरेटरों का पोर्टल पर पंजीकरण
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को व्यवस्थित बनाने के लिए निगमायुक्त ने बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अब तक 1500 बल्क वेस्ट जनरेटरों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने शेष संस्थानों का भी पंजीकरण कराने और पोर्टल के माध्यम से उनकी निगरानी को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की सुविधाएं होंगी बेहतर
नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यकता के अनुसार नए शौचालयों के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से बाजारों और पार्कों में शौचालय निर्माण की संभावनाएं तलाशने तथा जिन क्षेत्रों में आवश्यकता हो, वहां यूरिनल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, अनुपालन नहीं करने वालों को नहीं मिलेगा वेतन
नगर निगम के कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निगमायुक्त ने बायोमीट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कर्मचारियों द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जाएगी, उनका वेतन जारी नहीं किया जाएगा।
अवैध निर्माण पर नोटिस, सीलिंग और एफआईआर की कार्रवाई
निगमायुक्त ने प्रवर्तन शाखा को भी अपनी कार्रवाई प्रभावी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी करने, संपत्तियों को सील करने और आवश्यक मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
जवाबदेही, प्रभावी निगरानी और जनसुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक सुविधाओं और प्रवर्तन संबंधी कार्यों में समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने फील्ड निरीक्षण, प्रभावी निगरानी और नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा में मुख्य सड़कों को धूल एवं कचरा मुक्त बनाना, जीवीपी की संख्या को कम करना, प्रदूषण नियंत्रण उपायों को प्रभावी करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य और जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।








