मताधिकार की रक्षा को पंचकूला में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त बोले—हर गांव और बूथ तक पहुंचेगा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जारी रहेगा शांतिपूर्ण संघर्ष : राव नरेंद्र सिंह

पंचकूला/चंडीगढ़, 8 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत बृहस्पतिवार को पंचकूला में इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस एवं सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान तथा मताधिकार की रक्षा की मांग उठाई। इस दौरान दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में भी रोष जताया गया।

हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

हर बूथ तक जागरूकता का आह्वान

संजय दत्त ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ केवल कांग्रेस का अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक के अधिकारों से जुड़ी लड़ाई है। मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को हर गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचाने तथा लोगों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

संजय दत्त ने कहा कि सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। असहमति व्यक्त करना और शांतिपूर्ण विरोध करना लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है। इन अधिकारों की रक्षा के लिए गठबंधन अपनी आवाज उठाता रहेगा।

नेताओं से कथित दुर्व्यवहार पर रोष

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली में हुए कथित दुर्व्यवहार से कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ऐसा व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता के वोट से चुनी गई सरकार की जिम्मेदारी लोगों के सवालों का जवाब देना है। विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयासों का गठबंधन एकजुट होकर विरोध करेगा। उन्होंने मताधिकार को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि मतदाता के अधिकारों पर आंच आने की स्थिति में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुप नहीं बैठेंगे।

हरियाणा में जनांदोलन बनाने का संकल्प

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को हरियाणा में जनांदोलन का रूप दिया जाएगा। गठबंधन के घटक दल जनता के बीच जाकर लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।

प्रदर्शन में पंचकूला के विधायक चंद्र मोहन, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सुधा भारद्वाज और प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज सहित कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ’ के नारे लगाए तथा मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!