: लेजर वैली से सिग्नेचर टावर चौक तक सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे अमित शाह : डॉ. अर्चना गुप्ता
: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को दिल्ली से लाइव संबोधित करेंगे प्रदेश की विकसित भारत संकल्प सभाओं को
: विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी : डॉ. अर्चना गुप्ता
गुरुग्राम, 6 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरियाणा में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 7 अक्टूबर को प्रदेश के 23 जिलों में विकसित भारत संकल्प सभाएं आयोजित होंगी, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से लाइव संबोधित करेंगे। गुरुग्राम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य रूप से शामिल होंगे और लेजर वैली स्थित शिरोमणि महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क से सिग्नेचर टावर चौक तक सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होकर सेवा ज्योति मशाल स्थापित करेंगे।
मंगलवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पत्रकारों से संवाद करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन और जनसेवा की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, त्याग और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने युवा, किसान, गरीब और महिला सशक्तिकरण को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत-2047 के संकल्प को केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बनाना चाहते हैं। सेवा ज्योति यात्रा का भी यही संदेश है कि प्रत्येक नागरिक यह विचार करे कि वह समाज और राष्ट्र के निर्माण में क्या योगदान दे सकता है। केवल सरकार के प्रयासों से व्यापक परिवर्तन संभव नहीं है, जनभागीदारी से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश के विधायकों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया है। किसानों के छोटे-छोटे समूहों से संवाद कर उन्हें प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। मिट्टी, जल और पर्यावरण का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हरियाणा ने नमो सेवा हरियाणा पोर्टल शुरू किया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कर सेवा कार्यों से जुड़ सकते हैं। जरूरतमंद मरीजों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी कराने का भी संकल्प लिया गया है। इसमें सरकारी अस्पतालों के साथ आईएमए से जुड़े निजी चिकित्सकों का सहयोग लिया जा रहा है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से भी सरकारी कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया है।
पंजाब और उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों से जुड़े सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गुरुग्राम की पवित्र शीतला माता की धरती से वह भविष्यवाणी कर रही हैं कि दोनों राज्यों में भाजपा का कमल खिलेगा। भाजपा सेवा, सुशासन और जनविश्वास के आधार पर जनता के बीच जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल और प्रदेश सोशल मीडिया प्रमुख सोमबीर कटारिया उपस्थित रहे।









