केन्या में भारतीय उच्चायुक्त ने हरियाणा के शिष्टमंडल के सम्मान में दिया रात्रिभोज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 24 सितंबर – केन्या में भारत के उच्चायुक्त डॉ. आदर्श स्वाइका ने बुधवार रात राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने वाले हरियाणा विधान सभा के शिष्टमंडल के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। रात्रिभोज का आयोजन मुथाइगा स्थित इंडिया हाउस में किया गया।

रात्रिभोज में विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के साथ विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा सहित शिष्टमंडल के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय उच्चायोग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

भारतीय उच्चायुक्त डॉ. आदर्श स्वाइका ने हरियाणा के शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि शिष्टमंडल के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित करना उनके लिए हर्ष की बात है। इस दौरान भारत और केन्या के बीच संसदीय संबंधों, संसदीय प्रणाली तथा दोनों देशों के सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने भारतीय उच्चायुक्त और भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों का आतिथ्य, आत्मीय स्वागत एवं सार्थक चर्चा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद से विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्थाओं और सामाजिक-आर्थिक विकास के अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलता है। बता दें कि सीपीए सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित किया गया था। इसके उपरांत केन्या में अध्ययन दौरा आयोजित किया गया। फिलहाल शिष्टमंडल अपने दौरे के अंतिम चरण में है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!