चुनाव आयोग से जुड़े आरोपों की जांच की मांग, कांग्रेस कल करेगी घेराव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राव नरेंद्र सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर गिरफ्तार करने की मांग की; 25 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रदर्शन

चंडीगढ़, 24 सितंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर कथित तौर पर दर्ज लिखित आपत्तियों से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र जांच और उनके कार्यकाल के महत्वपूर्ण चुनाव संबंधी फैसलों की समीक्षा की मांग की।

राव नरेंद्र सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में मुख्य चुनाव आयुक्त के निर्णयों और कार्यप्रणाली पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराईं। उनके अनुसार, रिपोर्ट में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने, फॉर्म-6 में बदलाव तथा चुनावी डेटा के प्रबंधन से जुड़े मुद्दों का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि इन दावों की निष्पक्ष जांच से ही मतदाताओं के सामने स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि आरोपों की जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

25 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रदर्शन

राव नरेंद्र सिंह के अनुसार, हरियाणा कांग्रेस 25 सितंबर को दोपहर एक बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित 30 बेज बिल्डिंग में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के कार्यालय का घेराव करेगी। इससे पहले कार्यकर्ता सेक्टर-17 बस स्टैंड के पीछे, मिनी सचिवालय के सामने स्थित सर्कस ग्राउंड में एकत्र होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन का नेतृत्व वह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त सहित पार्टी के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात भी उन्होंने कही। राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए उठे सवालों का स्पष्ट जवाब जरूरी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!