श्रमिक कल्याण योजनाओं को प्रभावी बनाने के लिए उद्योगों और श्रम विभाग में बेहतर समन्वय पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम से सर्वाधिक श्रम कल्याण अंशदान, फिर भी बोर्ड में गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व नहीं होने का मुद्दा उठा

गुडग़ांव, 24 सितम्बर – हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री रोहतास जांगड़ा की अध्यक्षता में आज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम में श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों, बोर्ड की योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुग्राम के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बैठक में श्री रोहतास जांगड़ा ने कहा कि श्रमिक कल्याण सरकार, उद्योग एवं श्रमिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जो औद्योगिक क्षेत्र अभी अधिकृत नहीं हैं, वहां संचालित उद्योगों के श्रमिकों को भी श्रम कल्याण बोर्ड के अंशदाता के रूप में पंजीकृत कराने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

श्री जांगड़ा ने कहा कि श्रम कल्याण विभाग द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि श्रमिकों एवं नियोक्ताओं को बोर्ड की विभिन्न योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी मिल सके। उन्होंने इस अभियान में औद्योगिक संगठनों से भी पूर्ण सहयोग की अपील की।

बैठक के दौरान यह महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया गया कि प्रदेश में श्रम कल्याण बोर्ड को सबसे अधिक श्रम कल्याण अंशदान गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र से प्राप्त होता है, लेकिन बोर्ड में गुरुग्राम जिले से वर्तमान में कोई सदस्य मनोनीत नहीं किया गया है। औद्योगिक प्रतिनिधियों ने गुरुग्राम के योगदान को देखते हुए बोर्ड में जिले को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

एडिशनल लेबर कमिश्नर श्री कुशल कटारिया ने भी इस विषय को उठाते हुए कहा कि गुरुग्राम से बोर्ड को सबसे अधिक अंशदान प्राप्त होता है, लेकिन इसके अनुपात में गुरुग्राम के श्रमिकों द्वारा बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बहुत कम लिया जा रहा है। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान लेबर लॉ एडवाइजर्स एसोसिएशन गुरुग्राम के अध्यक्ष आर.एल. शर्मा तथा प्रोग्रेसिव फैडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के चेयरमैन दीपक मैनी द्वारा श्रमिक कल्याण योजनाओं एवं बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित अलग-अलग सुझाव पत्र चेयरमैन श्री रोहतास जांगड़ा को सौंपे गए।

सुझाव पत्र प्राप्त करते हुए श्री जांगड़ा ने कहा कि इन सुझावों का गंभीरता से अध्ययन कर शीघ्र ही इन्हें माननीय मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा जाएगा तथा इन्हें स्वीकृत करवाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

आर.एल. शर्मा ने श्रमिक कल्याण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, पात्र श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा श्रम कल्याण से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञ सलाह की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

दीपक मैनी ने कहा कि उद्योग जगत श्रमिक कल्याण के लिए सरकार एवं श्रम विभाग के साथ मिलकर कार्य करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उद्योगों एवं विभाग के बीच निरंतर संवाद एवं बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

कार्यक्रम में श्रम कल्याण अधिकारी श्री नरेंद्र शर्मा ने पीपीटी के माध्यम से हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, उपलब्ध सुविधाओं एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में उपस्थित औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया।

बैठक का मंच संचालन लेबर लॉ एडवाइजर्स एसोसिएशन, गुरुग्राम के अध्यक्ष आर.एल. शर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री योगेश गुप्ता एवं श्री सूर्य देव त्यागी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में श्री कुशल कटारिया, एडिशनल लेबर कमिश्नर, सहित श्रम विभाग के अधिकारी तथा गुरुग्राम के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार, अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण, योजनाओं के लाभ को पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने, गैर-अधिकृत औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को बोर्ड के दायरे में लाने तथा उद्योग एवं श्रम विभाग के बीच बेहतर समन्वय सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक कल्याण योजनाओं की पहुंच बढ़ाना तथा सरकार, श्रम विभाग, श्रम कल्याण बोर्ड, उद्योग एवं श्रमिकों के बीच मजबूत एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करना रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपश्रमायुक्त कल्याण सुरेंद्र कौर, जिला श्रमिक कल्याण अधिकारी नरेंद्र शर्मा ,श्रमिक नेता एसएस थीरियान, पीएफटीआई के वाइस चेयरमैन डॉ एसपी अग्रवाल, पीएफटीआई के जिला अध्यक्ष पीके गुप्ता, मोदी ट्रांसपोर्ट के एमडी प्रदीप मोदी, विंडसर एक्सपोर के एचआर मैनेजर जितेंद्र यादव, हरियाणा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन कपूर, जीआईए के कार्यालय सचिव कमल मेहता, बहरामपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से दिनेश गौड़, भाजपा श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश नगर के साथ साथ एनसीआर के सभी श्रम कल्याण अधिकारी व निरीक्षक उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!